बुलंद सोच, भोपाल।
इंडियन आयल कार्पोरेशन ने मंगलवार को भोपाल में अपना नया फ्री ट्रेड सिलिंडर लॉन्च किया है। यह 10 किलोग्राम का प्लास्टिक वाला सिलिंडर है। इस सिलिंडर के लिए गैस कनेक्शन की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। गैस की जरूरत होने पर कोई भी व्यक्ति एक अधिकृत पहचानपत्र और तय कीमत देकर इसे एजेंसियों के माध्यम से प्राप्त कर पाएगा। मार्च महीने में एलपीजी की किल्लत के बाद ऑयल कंपनियों ने नए घरेलू कनेक्शन पर रोक लगा दी थी। इसके बाद जब सिलिंडर की आपूर्ति सामान्य हुई, तो उपभोक्ता नए कनेक्शन के लिए आवेदन कर रहे थे, लेकिन वे उपलब्ध नहीं हो पा रहे थे। ऐसे में उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने यह 10 किलोग्राम वाला प्लास्टिक सिलिंडर लॉन्च किया है। इंडियन आयल कार्पोरेशन के स्टेट हेड अजय श्रीवास्तव ने नर्मदापुरम रोड स्थित रघु इंडेन एजेंसी पर मंगलवार को इसकी विधिवत लॉन्चिंग की। राष्ट्रीय एलपीजी एसोसिएशन के उपाध्यक्ष आरके गुप्ता ने बताया कि इंडियन आयल ने नर्मदापुरम रोड स्थित रघु व अभिमन्यु और टीटीनगर स्थित आरके इंडेन गैस एजेंसी पर 10 किलोग्राम के सिलिंडर आपूर्ति के लिए उपलब्ध करवाए हैं। कोई भी उपभोक्ता यहां एक पहचान पत्र देकर पहली बार में 3,186 रुपये जमाकर सिलिंडर ले सकता है। सिलिंडर की रिफिलिंग करवाने के लिए 1,550 रुपये चुकाना होंगे। हालांकि, यह कीमत परिवर्तनशील रहेगी।
एलपीजी ग्राहकों के लिए अलर्ट
एमपी के 39.84 लाख एलपीजी ग्राहकों के लिए एक बड़ा अलर्ट जारी किया गया है, जिसके अनुसार यदि 16 अगस्त तक ये काम नहीं किया गया तो घरेलू सिलिंडर महंगा मिलेगा।

