बुलंद सोच, सिलीगुड़ी।
अधिवक्ता रिंकी चटर्जी सिंह ने सिलीगुड़ी, पश्चिम बंगाल में सौरभ दास, अभिजीत दिपके और सीजेपी आयोजकों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत जीरो एफआईआर (FIR) दर्ज कराने के लिए शिकायत प्रस्तुत की। सिंह ने बताया कि यह एफआईआर 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुई एक घटना के संबंध में दर्ज की गई है।
ओडिशा स्कूल में छात्रों की पिटाई
ओडिशा के रायगढ़ा जिले के एक सरकारी आवासीय स्कूल के छात्रावास में 10वीं कक्षा के छात्रों पर 9वीं कक्षा के 27 छात्रों की पिटाई करने का आरोप लगा है। यह घटना रविवार को हुई थी।
प्रधानाध्यापक की शिकायत के बाद पुलिस ने मंगलवार को छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस के अनुसार, रविलकोना सरकारी हाईस्कूल के छात्र खेल मैदान से देर से लौटे थे, जिस पर 10वीं के कुछ छात्रों ने उन्हें डांटा और विरोध करने पर उनकी पिटाई कर दी।
आरोप है कि जब जूनियर छात्रों ने स्कूल प्रशासन से शिकायत की, तो सीनियर छात्रों ने उन पर लकड़ी के बैट से दोबारा हमला किया। सूचना मिलने पर पुलिस स्कूल पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी छात्र वहां से फरार हो चुके थे। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
रायगढ़ा जिला प्रशासन ने इस घटना को गंभीर मानते हुए स्कूल के प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
ग्वालियर में संदिग्ध बांग्लादेशी हिरासत में
मध्य प्रदेश पुलिस ने मंगलवार को ग्वालियर में 13 लोगों को हिरासत में लिया। हिरासत में लिए गए लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
इन पर बांग्लादेशी नागरिक होने और अवैध रूप से भारत में रहने का संदेह है। पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि सूचना के आधार पर एक विशेष अभियान चलाया गया था।
हिरासत में लिए गए लोगों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। नागरिकता की पुष्टि होने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
