बुलंद सोच, भोपाल।

नैनपुर-इंदौर पेंचवैली एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 19344) के बी-2 एसी कोच में बुधवार तड़के शॉर्ट सर्किट के कारण धुआं फैलने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना इटारसी से पहले पोला पत्थर स्टेशन के पास सुबह करीब 4 बजे हुई। समय रहते ट्रेन रोककर कोच में सवार सभी 72 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन भोपाल की ओर आ रही थी। बी-2 कोच पूरी तरह भरा हुआ था और अधिकांश यात्री सो रहे थे। अचानक एसी पैनल से धुआं निकलने लगा, जिससे कोच में सांस लेने में दिक्कत होने लगी।
यात्रियों ने तुरंत चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एसी पैनल से चिंगारियां निकल रही थीं।
कुछ ही देर में कोच धुएं से भर गया। फायर अलार्म बजने लगे और लाइटें बंद-चालू होने लगीं। घबराए यात्री जल्दबाजी में अपना सामान तक छोड़कर कोच से बाहर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के लगभग 35 अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। तकनीकी जांच के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।
यात्रियों को बी-2 कोच से अन्य डिब्बों में स्थानांतरित कर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घटना का कारण एसी पैनल में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

