BREAKING NEWS
2026-07-31

भोपाल में किसानों के धरने से नर्मदापुरम मार्ग पर यातायात प्रभावित, पुलिस ने जारी की नई एडवाइजरी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

राजधानी भोपाल में किसानों के धरना-प्रदर्शन के कारण नर्मदापुरम रोड पर यातायात व्यवस्था प्रभावित है। भोपाल यातायात पुलिस ने बुधवार को नई ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसमें नागरिकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है। यातायात पुलिस के अनुसार, आरआरएल तिराहा ब्रिज से उतरकर नर्मदापुरम मार्ग पर किसानों का धरना-प्रदर्शन जारी है। इसके कारण इस मार्ग पर यातायात सामान्य रूप से संचालित नहीं हो पा रहा है।

Advertisement

वैकल्पिक मार्ग

नर्मदापुरम जाने वाले वाहन कोलार गेस्ट हाउस तिराहा से कोलार 6 लेन रोड, होली क्रॉस स्कूल तिराहा, ग्राम अमरावत कला और मंडीदीप होते हुए नर्मदापुरम जा सकते हैं। मंडीदीप से भोपाल शहर आने वाले वाहन 11 मील बायपास, नंदी चौराहा, खजूरी कला, एसओएस रोड, पिपलानी, गोविंदपुरा, ज्योति टॉकीज और बोर्ड ऑफिस मार्ग का उपयोग कर सकते हैं। मिसरोद और भोपाल विश्वविद्यालय के बीच की कॉलोनियों के निवासी बावड़िया ब्रिज, दानापानी, रोहित नगर, शाहपुरा, बाबा नगर, चुनाभट्टी और मनीषा मार्केट मार्ग से आवागमन कर सकते हैं। मिसरोद क्षेत्र के निवासी मिसरोद चौराहा से सलैया होते हुए कोलार और चुनाभट्टी की ओर जा सकते हैं। बागसेवनिया क्षेत्र से शहर आने वाले वाहन बागमुगालिया, कुबेर डेयरी, एम्स अस्पताल, अलकापुरी, डीआरएम ऑफिस, हबीबगंज चौराहा और आईएसबीटी तिराहा मार्ग का उपयोग कर सकते हैं। आईएसबीटी एवं अन्य स्थानों से चलने वाली बसें प्रभात चौराहा, पिपलानी, पटेल नगर बायपास होते हुए नर्मदापुरम, बैतूल और जबलपुर की ओर संचालित की जाएंगी।

पूर्व की स्थिति एवं जन अपील

किसान आंदोलन के दौरान भोपाल की सड़कों पर 6 घंटे तक ‘त्राही-त्राही’ की स्थिति रही थी, जिसमें बैरिकेड्स टूट गए थे और 150 कॉलोनियां ब्लॉक हो गई थीं, जिससे पुलिस व्यवस्था विफल हो गई थी। यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से प्रभावित मार्गों पर जाने से बचें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी असुविधा की स्थिति में यातायात कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबरों 0755-2677340 और 2443850 पर संपर्क किया जा सकता है।