BREAKING NEWS
2026-08-04

भोपाल में महिला कंप्यूटर ऑपरेटर से बैग की झपटमारी, तीन बाइक सवार बदमाश फरार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल के प्रभात चौराहे पर एक महिला कंप्यूटर ऑपरेटर से बैग लूट लिया गया। इस वारदात को बाइक सवार तीन बदमाशों ने अंजाम दिया और बैग छीनकर फरार हो गए।

Advertisement

पुलिस के अनुसार, गौतम नगर निवासी संध्या मालवीय चेतक ब्रिज के पास स्थित एक कोचिंग संस्थान में कंप्यूटर ऑपरेटर हैं। शुक्रवार रात ड्यूटी खत्म होने के बाद वह अशोका गार्डन से ऑटो में सवार होकर घर लौट रही थीं।

रास्ते में ऑटो चालक ने अन्य सवारी नहीं मिलने का हवाला देकर उन्हें बीच रास्ते ही उतार दिया। इसके बाद संध्या दूसरे ऑटो का इंतजार करते हुए सड़क किनारे आगे बढ़ीं।

इसी दौरान बाइक पर सवार तीन बदमाश उनके पास पहुंचे और झपट्टा मारकर उनका बैग छीन लिया। महिला कुछ समझ पाती, उससे पहले तीनों आरोपित तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए।

बैग में सोने का मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी, चांदी की बिछिया, नकदी, दस्तावेज और अन्य जरूरी सामान रखा था। पुलिस ने करीब 70 हजार रुपये की संपत्ति की झपटमारी का मामला दर्ज किया है।

घटना के बाद ऐशबाग थाना पुलिस ने झपटमारी का मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।

थाना प्रभारी संदीप पवार का कहना है कि फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। यह वारदात उस स्थान से कुछ ही दूर हुई जहां पुलिस और यातायात विभाग का चेकिंग प्वाइंट भी रहता है।