बुलंद सोच, भोपाल।
भोपाल के मिसरोद थाना क्षेत्र में एक युवती से दुष्कर्म और बाद में शादी से इनकार करने पर जबरन कीटनाशक पिलाकर जान लेने की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रेम संबंध और लिव-इन रिलेशनशिप
पुलिस के अनुसार, 25 वर्षीय युवती अपनी मां के साथ रहती है। उसकी बड़ी बहन का देवर अक्सर उनके घर आता-जाता था। इसी दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। युवक और युवती एक साल से संपर्क में थे। आरोप है कि युवक ने शादी का वादा कर युवती को मिसरोद क्षेत्र स्थित अपने किराये के मकान में लिव-इन रिलेशनशिप में रखा। वह अक्टूबर 2025 से शादी का भरोसा देकर लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा।
कीटनाशक पिलाकर जान लेने का प्रयास
पीड़िता का आरोप है कि जब भी वह शादी की बात करती, आरोपी टाल देता था। 30 जुलाई को दोबारा शादी का दबाव बनाने पर आरोपी भड़क गया। उसने युवती के मुंह में इल्लीमार कीटनाशक उड़ेल दिया। युवती ने तत्काल उल्टी कर दी, जिससे उसकी जान बच गई। इसके बाद वह सीधे मिसरोद थाने पहुंची और अपनी शिकायत दर्ज कराई।

