बुलंद सोच, दतिया।
चुनाव प्रचार के दौरान अतिउत्साही कार्यकर्ता कभी-कभी नेताओं के सामने ऐसी बातें बोल देते हैं, जिनका वीडियो वायरल होते ही संबंधित पार्टी की परेशानी बढ़ जाती है। सोशल मीडिया पर प्रसारित ऐसा ही एक वीडियो सामने आया है।
मंत्री राकेश शुक्ला के जनसंपर्क का मामला
यह वीडियो बड़ौनी में भाजपा प्रत्याशी का प्रचार करने गए मंत्री राकेश शुक्ला के जनसंपर्क से संबंधित है। इसमें एक पार्टी समर्थक युवक मंत्री के सामने ही यह कहता हुआ सुनाई दे रहा है कि वे लोगों को पकड़-पकड़कर वोट डलवाएंगे, चाहे इसके लिए भले ही उन्हें लठ्ठ चलाने पड़ें।
मंत्री की प्रतिक्रिया
यह बात सुनकर मंत्री राकेश शुक्ला वीडियो में युवक की पीठ थपथपाते हुए दिखाई दिए।
कार्यकर्ता का आगे का बयान
वीडियो में युवक आगे यह भी कहता सुनाई दे रहा है कि “लेकिन साहब बाद में ऐसा न हो कि आप हाथ खड़े कर कहो कि बेटा अब तुम अपने हिसाब से देखो।”
पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने भाजपा पर साधा निशाना
यह वीडियो सामने आने के बाद बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने इसे लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की राजनीति डर, दबाव और सत्ता के दुरुपयोग पर आधारित रही है।
लोकतंत्र में अस्वीकार्य सोच
वर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में इस प्रकार की सोच स्वीकार्य नहीं है और जनता इसका जवाब देगी।
