बुलंद सोच, गुरुग्राम।

हरियाणा के गुरुग्राम में सेक्टर-84 स्थित हाईक्लास सोसायटी अंतरिक्ष हाइट्स में एक बड़ा हादसा हो गया। सोसायटी के बास्केटबॉल कोर्ट में प्रैक्टिस मैच खेल रहे खिलाड़ियों के ऊपर अचानक लोहे का भारी-भरकम बास्केटबॉल पोल गिर गया। इस हादसे में एक डॉक्टर का 22 वर्षीय बेटा इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दो अन्य खिलाड़ियों ने कूद कर अपनी जान बचा ली। अचानक हुए हादसे से कोर्ट में अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों और अन्य खिलाड़ियों ने किसी तरह पोल के नीचे दबे बच्चे को निकाला और अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक, घायल बच्चे की पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं और उसकी रीढ़ की हड्डी में तीन अलग-अलग स्थानों पर फ्रैक्चर हुए हैं।
हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन ने की जांच की मांग
गुरुग्राम की इस घटना को गंभीरता से लेते हुए हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन ने कार्रवाई की है। एसोसिएशन ने उपायुक्त और हरियाणा के रजिस्ट्रार ऑफ सोसायटीज को एक पत्र भेजा है। इस पत्र के माध्यम से सभी सार्वजनिक खेल परिसरों और ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों में स्थापित खेल ढांचे की तत्काल सुरक्षा जांच कराने की मांग की गई है।

रोहतक में पहले भी हो चुका है ऐसा हादसा
इससे पहले रोहतक के लाखनमाजरा में बास्केटबॉल खेलते समय एक राष्ट्रीय खिलाड़ी हार्दिक (16) की पोल गिरने से मौत हो चुकी है। हार्दिक 10वीं कक्षा का छात्र था और उसके पिता संदीप एफसीआई में नौकरी करते हैं। यह हादसा उस समय हुआ जब हार्दिक दौड़कर बास्केटबॉल पोल पर लटका, वैसे ही लगभग 750 किलोग्राम वजनी पूरा पोल टूटकर उसकी छाती पर गिर गया। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें खिलाड़ी को बास्केटबॉल कोर्ट में प्रैक्टिस करते हुए दिखाया गया था।
बहादुरगढ़ में भी एक खिलाड़ी की हुई थी मौत
बहादुरगढ़ में भी इसी तरह का एक हादसा हुआ था, जिसमें 15 वर्षीय खिलाड़ी अमन की मौत हो गई थी। अमन शहीद ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्टेडियम में जर्जर बास्केटबॉल पोल गिरने से घायल हो गया था। सोमवार रात पीजीआई रोहतक में उपचार के दौरान अमन ने दम तोड़ दिया, जिसके बाद मंगलवार शाम गमगीन माहौल में दिवंगत का अंतिम संस्कार किया गया। अमन दो बहनों का इकलौता भाई था और उसके पिता सुरेश कुमार डीआरडीओ कार्यालय में ग्रुप-डी कर्मचारी हैं, उनका परिवार लाइन पार वत्स कॉलोनी में रहता है।

