BREAKING NEWS
2026-07-25

ग्वालियर स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में यात्री का पंजा कटा

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर बुधवार को एक यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में फिसल गया। यात्री प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंस गया, जिससे उसके दाहिने पैर का पंजा कट गया।

Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल यात्री को एंबुलेंस की सहायता से ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

आरपीएफ के अनुसार, बुधवार को ट्रेन नंबर 22408 हजरत निजामुद्दीन-अंबिकापुर एक्सप्रेस ग्वालियर स्टेशन पर आई थी। इस ट्रेन में छत्तीसगढ़ के सूरजपुर निवासी संतोष नरवरिया अपने दोस्तों के साथ निजामुद्दीन से सूरजपुर की यात्रा कर रहे थे।

ट्रेन के ग्वालियर पहुंचने पर संतोष नरवरिया खाने-पीने का सामान लेने के लिए उतरे थे। इसी दौरान ट्रेन चलने लगी और उन्होंने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। पैर फिसलने के कारण वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच आ गए और उनके दाहिने पैर का पंजा कट गया।

घटना की जानकारी मिलने पर आरपीएफ कांस्टेबल बलवीर सिंह मीणा और डिप्टी एसएस कमर्शियल दिनेश सिकरवार मौके पर पहुंचे। इसके बाद उप निरीक्षक अवतार सिंह धाकड़ और सहायक उप निरीक्षक हिरेंद्र कुमार मीणा भी घटनास्थल पर पहुंचे और यात्री को एंबुलेंस के जरिए इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया।