बुलंद सोच, ग्वालियर।
सिटी सेंटर स्थित कोचिंग से लौट रहे छात्रों पर हमला हो गया। आधा दर्जन छात्रों ने बेल्ट और सरिये से ताबड़तोड़ वार किए। एक छात्र की पीठ पर चोटों के निशान हैं। इस मामले में दोनों छात्रों ने यूनिवर्सिटी थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। 12वीं के दो छात्र रविवार को कोचिंग में टेस्ट देने आए थे। टेस्ट देने के बाद वे पार्किंग से अपनी गाड़ी निकालकर घर जा रहे थे। पार्किंग से बाहर निकलते ही इन पर आधा दर्जन बदमाशों ने हमला कर दिया। बदमाशों ने छात्रों को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से पीटा। इसके बाद आरोपी भाग निकले। शिकायत करने वाले छात्रों ने पुलिस को बताया कि 13 जुलाई को भी इन्हीं बदमाशों ने दूसरे छात्रों पर इसी तरह हमला किया था। उस घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था।
छात्रा से छेड़छाड़ का मामला
मुरार इलाके में रहने वाली 16 वर्षीय छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोपी रोहित शर्मा पर पुलिस ने छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है। छात्रा जब घर से स्कूल आती-जाती थी, तब आरोपी उसका पीछा करता था। वह छात्रा से बात करने के लिए मोबाइल नंबर मांग रहा था। उसने कई बार छात्रा को धमकाया भी था। बीते रोज आरोपी ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ की। छात्रा घर पहुंची और अपने परिजनों को घटना के बारे में बताया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।

