बुलंद सोच, ग्वालियर।
शहर के गिरवाई इलाके में छह दिन पहले हुए सड़क हादसे में घायल वृद्धा ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
उन्हें तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी थी। इसके बाद बाइक सवार भागे तो साड़ी उलझने से वृद्धा घिसटती हुई गईं।
वृद्धा के सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आई थी। छह दिन तक इलाज चला, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
गिरवाई थाना क्षेत्र के अंतर्गत सरवटे की पहाड़िया के पास रहने वालीं रामवती कुशवाह सोमवार को पड़ोस में रहने वालीं ऊषा कुशवाह के साथ भागवत कथा में गई थीं।
यह भागवत कथा घर के पास ही स्थित बाबा गार्डन में चल रही है। वह कथा सुनकर लौट रही थीं।
शाम करीब छह बजे बाइक पर सवार होकर तीन युवक निकले। गार्डन के पास जैसे ही किराने की दुकान के सामने पहुंचीं तो इसी बाइक ने पीछे से टक्कर मार दी।
इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। बाइक की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर मृतका के शव को स्वजन के सुपुर्द कर दिया है।

