बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर के गोला का मंदिर इलाके में एक युवक और उसके साथियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस वारदात में उनका लक्ष्य चचेरा भाई था, लेकिन गोली पड़ोस में रहने वाली एक महिला के सिर में जा लगी। यह गोलीबारी उस युवक ने की, जिसे उसके चचेरे भाई ने तबीयत बिगड़ने पर कहा था कि वह इतना ज्यादा क्यों खाता है। इसी बात पर वह घर पहुंचा और उसने गोलीबारी की। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है, हालांकि 24 घंटे बीत जाने के बाद भी आरोपितों को पकड़ा नहीं जा सका है।
विवाद का कारण
गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के अंतर्गत प्रीतम विहार कॉलोनी में संतोष माहौर और अभिषेक माहौर एक ही परिवार के सदस्य हैं। संतोष, अभिषेक का चचेरा भाई है। ये लोग अपने दोस्तों के साथ पनिहार स्थित कनेर झिर पर पार्टी करने गए थे। वहां खाना खाने के दौरान अभिषेक की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसे उल्टी हो गई। बताया गया है कि इन लोगों ने शराब भी पी थी, और अधिक शराब पीने के कारण ही उल्टी हुई। संतोष और उसके साथ अमन तथा सतीश माहौर ने अभिषेक से कहा कि वह इतना अधिक क्यों खाता है। इस बात पर उनके बीच मुंहवाद हो गया। वहां मौजूद अन्य लोगों ने हस्तक्षेप कर विवाद शांत करवाया।
फायरिंग और महिला घायल
विवाद शांत होने के बाद ये लोग घर आ गए। रात में अभिषेक अपने एक साथी के साथ संतोष के घर पहुंचा। अभिषेक और उसके साथी ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैलाई। उन्होंने चार राउंड फायर किए। इनमें से एक गोली पड़ोस में रहने वालीं रेणु पत्नी राहुल सिंह भदौरिया के सिर में लगी। सिर में गोली लगने से वह घायल हो गईं और गिर पड़ीं। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने अभिषेक और उसके साथियों पर एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपित अभी तक पकड़े नहीं जा सके हैं।
पुलिस का बयान
गोला का मंदिर थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि पार्टी में तबीयत बिगड़ने पर युवक के चचेरे भाई ने टोका था, जिस पर मुंहवाद हुआ था। इसके बाद गुस्से में उसने गोलियां चला दीं, जो पड़ोस में रहने वाली महिला के सिर में लग गईं। आरोपितों की तलाश चल रही है।

