BREAKING NEWS
2026-08-06

ग्वालियर में क्राइम ब्रांच ने 13 संदिग्ध विदेशी नागरिकों को हिरासत में लिया

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर में क्राइम ब्रांच ने मंगलवार को संदिग्ध विदेशी नागरिकों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान शहर के अलग-अलग इलाकों से तीन बच्चे, तीन महिलाएं सहित कुल 13 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया।

पुलिस के अनुसार, ये संदिग्ध पिछले कई महीनों से शहर के सीमावर्ती क्षेत्रों में रह रहे थे। पूछताछ के दौरान वे अपने पहचान संबंधी दस्तावेज, जैसे आधार कार्ड या मतदाता पहचान पत्र, प्रस्तुत नहीं कर सके।

Advertisement

बताया जा रहा है कि ये सभी बांग्लादेशी थे और इन्हें बांग्लादेश भेजा जाएगा। पुलिस फिलहाल सभी संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। उनकी नागरिकता, भारत में प्रवेश के तरीके, यहां रहने की अवधि और स्थानीय गतिविधियों का सत्यापन किया जा रहा है।

अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वे अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिक हैं या नहीं।

क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि शहर के कुछ इलाकों में बिना वैध दस्तावेज के संदिग्ध लोग रह रहे हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर तीन स्थानों पर एक साथ दबिश दी और सभी संदिग्धों को हिरासत में लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये लोग अपनी पहचान छिपाकर झुग्गी-झोपड़ियों में रह रहे थे। हालांकि, उनकी वास्तविक पहचान और नागरिकता की पुष्टि अभी की जा रही है।

पुलिस टीम संदिग्धों के पास मिले दस्तावेजों, मोबाइल फोन और स्थानीय संपर्कों की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि यदि इनके पास कोई फर्जी पहचान पत्र हैं तो वे किस माध्यम से बनवाए गए।

अधिकारियों को उम्मीद है कि पूछताछ में अन्य लोगों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। इसके बाद शहर में किराएदारों और झुग्गी बस्तियों के सत्यापन अभियान को भी तेज कर दिया गया है।

इससे पहले, अक्टूबर 2025 में हरियाणा पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर ग्वालियर के महाराजपुरा क्षेत्र से आठ बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा गया था। उस मामले में उन्हें बाद में डिटेंशन सेंटर भेजा गया था और सुरक्षा एजेंसियों ने भी जांच की थी।

ग्वालियर एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि क्राइम ब्रांच की टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों से कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। उनकी पहचान और दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। पूरी जानकारी सामने आने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।