BREAKING NEWS
2026-08-06

सागर में रिटायर्ड पुलिसकर्मी ससुर ने बहू की चाकू घोंपकर हत्या की

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, सागर।

मंगलवार सुबह सागर के गायत्री नगर में एक पारिवारिक विवाद के दौरान 65 वर्षीय रिटायर्ड पुलिसकर्मी रामनरेश दीक्षित ने अपनी 36 वर्षीय बहू सविता दीक्षित की हत्या कर दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी ससुर रामनरेश दीक्षित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

Advertisement

मृतका सविता दीक्षित के पति देवेश दीक्षित बीएसएफ में जवान हैं और वर्तमान में पश्चिम बंगाल में पदस्थ हैं। सविता लंबे समय से गायत्री नगर स्थित घर में अपने सास-ससुर के साथ रह रही थीं। घटना की सूचना देवेश दीक्षित को दे दी गई है।

मकरोनिया थाना प्रभारी नितिन पाल ने बताया कि बहू के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो आरोपी घर में ही मौजूद मिला। शुरुआती जांच में महिला के शरीर पर 7 से 8 चोटों के निशान पाए गए हैं। घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं।

आरोपी रामनरेश दीक्षित का दूसरा बेटा पुलिस विभाग में पदस्थ है।

आरोपी का दावा

पूछताछ में आरोपी रामनरेश दीक्षित ने दावा किया कि मंगलवार सुबह उनकी बहू सविता दीक्षित नीचे आईं और घर में रखे मंदिर को उठाकर फेंक दिया। उन्होंने कुर्सियों में भी तोड़फोड़ की। इसके बाद वह अपनी बड़ी बेटी को स्कूल छोड़ने चली गईं।

आरोपी के अनुसार, जब वह नहाकर पूजा कर रहे थे, तभी बहू लौटकर आई और छोटी बच्ची को उठाकर पटकने लगी। रामनरेश दीक्षित का कहना है कि जब वह बच्ची को बचाने के लिए पहुंचे, तो बहू ने उन पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ में चोट आई।

रामनेरश दीक्षित ने बताया कि चाकू छीनने के बाद उन्होंने बहू के साथ मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।

आरोपी रामनरेश दीक्षित का यह भी आरोप है कि बहू के घर आने के बाद से परिवार में लगातार विवाद होते थे और पूरा मोहल्ला इस बात से परिचित था।

पुलिस जांच

पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सटीक कारण स्पष्ट होगा।

फिलहाल, पुलिस आरोपी के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।