बुलंद सोच, भोपाल।
भोपाल क्राइम ब्रांच ने दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार पर मंथन के बीच पार्टी के तीन कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी उपचुनाव के लिए मतदान से पहले दतिया में भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर कुशवाहा के निष्कासन का फर्जी पत्र सोशल मीडिया पर वायरल करने के संबंध में की गई है। इस फर्जी पत्र को जिले के कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को भ्रमित करने के उद्देश्य से प्रसारित किया गया था।
जांच के बाद क्राइम ब्रांच ने इस साजिश के आरोप में भाजपा के दतिया जिला मीडिया प्रभारी शादाब, नगर उपाध्यक्ष शाहरूख और एक कार्यकर्ता क्रिश रावत को सोमवार को गिरफ्तार किया। मंगलवार को इन तीनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
वायरल किया गया फर्जी पत्र भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नाम से उनके हस्ताक्षर बनाकर तैयार किया गया था। इसमें दतिया के भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर कुशवाहा को अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में तत्काल प्रभाव से पद से हटाने और पार्टी से निष्कासित करने का उल्लेख था।
इस कूटरचित पत्र में कोई आधिकारिक क्रमांक या तिथि अंकित नहीं थी। माना गया कि इस फर्जी पत्र को मतदान के दिन बड़ी संख्या में वॉट्सएप ग्रुप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल किया गया, जिससे राजनीतिक हलकों में भ्रम की स्थिति पैदा हुई।
क्राइम ब्रांच ने डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर तीनों आरोपितों की पहचान की। पूछताछ के बाद उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें दतिया से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शाहरूख खान को उसके कार्यालय से और शादाब को ठंडी सड़क क्षेत्र से पकड़ा।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने और उसे बहुप्रचारित करने में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी। इसके साथ ही, आरोपितों के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों की फोरेंसिक जांच भी कराई जा रही है।

