BREAKING NEWS
2026-07-31

दहेज और प्रताड़ना से तंग महिला ने की आत्महत्या, पति सहित 8 पर मामला दर्ज

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर में लगातार दो बेटियों को जन्म देने पर ससुराल वालों ने एक महिला से दहेज की मांग की। उन्होंने मारपीट और 25 लाख रुपए या क्रेटा कार की मांग की, जिससे तंग आकर महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना महाराजपुरा थाना क्षेत्र के कुंअरपुर गांव की है। पुलिस ने मृतका के पति समेत ससुराल पक्ष के 8 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

Advertisement

प्रताड़ना का विवरण

मुरैना (जौरा) निवासी मेहताब सिंह सिकरवार ने अपनी बेटी ज्योति की शादी महाराजपुरा के कुंअरपुर निवासी शुभम सिंह राजावत से की थी। शादी के कुछ समय बाद ज्योति ने पहली बेटी को जन्म दिया और डेढ़ साल बाद दूसरी बेटी का जन्म हुआ। बेटा न होने पर पति और ससुराल वाले ज्योति को दिन-रात ताने देने लगे। आरोप है कि उसके साथ घर में मारपीट की जाती थी और कई बार खाना तक नहीं दिया जाता था। मायके पक्ष के बयान के अनुसार, बेटियों के जन्म के बाद ससुराल वालों का लालच और बढ़ गया। वे ज्योति से दहेज में क्रेटा कार या 25 लाख नकद की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसे कई बार घर से बाहर निकाल दिया गया। पति शराब के नशे में उसके साथ बेरहमी से मारपीट करता था। इस प्रताड़ना से तंग आकर ज्योति ने 9 जुलाई को अपने ससुराल में फांसी लगाकर जान दे दी।

पुलिस कार्रवाई

घटना के बाद महाराजपुरा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। मायके पक्ष के बयान दर्ज होने के बाद प्रताड़ना और दहेज की कहानी सामने आई। इसके आधार पर पुलिस ने पति शुभम सिंह राजावत, ससुर चंद्रभान राजावत, सास सरकली राजावत, सौरभ राजावत, रोहित राजावत, दीपक राजावत, सलोनी राजावत और शिवानी राजावत के खिलाफ दहेज हत्या और प्रताड़ना की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।