बुलंद सोच, ग्वालियर।
ग्वालियर के राक्सी पुल के पास स्थित स्टार प्लाजा में खड़ी एक ई-स्कूटी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते ई-स्कूटी धू-धूकर जलने लगी और कुछ ही देर में पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
आग लगने के दौरान ई-स्कूटी के ठीक पास में एक नई कार भी खड़ी हुई थी, जिसे तत्काल वहां से हटाकर सुरक्षित किया गया। स्थानीय निवासियों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन जब तक आग बुझाई जाती, तब तक ई-स्कूटी पूरी तरह जल चुकी थी।
जानकारी के अनुसार, यह ई-स्कूटी लक्कड़खाना निवासी राजकुमार ढपले की थी। उन्होंने यह वोलमो फैंटम मॉडल ई-स्कूटी गत 17 जुलाई को अपनी बेटी राशि ढपले के लिए खरीदी थी।
राजकुमार ढपले अपनी कार को स्टार प्लाजा में खड़ा करते हैं। मंगलवार की शाम वे अपनी कार में रखे कुछ सामान को लेने के लिए ई-स्कूटी से स्टार प्लाजा पहुंचे थे। वे कार से सामान निकाल ही रहे थे कि तभी ई-स्कूटी के पिछले हिस्से में आग लग गई।
कुछ ही देर में आग ने ई-स्कूटी को पूरी तरह से अपनी चपेट में ले लिया। जब तक राजकुमार ढपले आग बुझाने का कोई प्रयास कर पाते, तब तक ई-स्कूटी पूरी तरह से जलकर राख हो चुकी थी।

