बुलंद सोच, सतना।
सतना जिले के बाबूपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बराज निवासी 22 वर्षीय युवक अभिषेक सिंह की बघवार स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में ड्यूटी के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण बाबूपुर पुलिस चौकी पहुंचे। उन्होंने चौकी परिसर में शव रखकर घटना की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
अभिषेक सिंह, शिवपूजन सिंह के इकलौते पुत्र थे। परिजनों ने आरोप लगाया है कि फैक्ट्री प्रबंधन ने घटना की सही जानकारी नहीं दी।
कांग्रेस सेवादल की मांगें
मामले को लेकर कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष बरमेंद्र प्रताप सिंह ने भी फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
उन्होंने दुर्घटना की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराए जाने, दोषियों के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज करने तथा मृतक के परिजनों को 50 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को रोजगार देने की मांग की।
पुलिस कार्रवाई और जांच
घटना के बाद बाबूपुर चौकी परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौजूद थे। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांत रहने की अपील करते हुए मामले की जांच का भरोसा दिलाया।
फिलहाल, पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
समाचार लिखे जाने तक फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

