BREAKING NEWS
2026-07-23

ग्वालियर में युवती ने लगाया सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, पुलिस पर एफआईआर दर्ज न करने का आरोप, एसपी से न्याय की गुहार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर में भितरवार थाना क्षेत्र की एक युवती ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर चार युवकों पर घर में घुसकर अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।

Advertisement

युवती ने बताया कि यह घटना नौ मई 2026 की रात को हुई थी, जब उसके पिता घर पर नहीं थे।

इसी दौरान चार आरोपित जबरन घर में घुस आए, जहां एक आरोपी ने बंदूक दिखाकर उसकी मां और भाई को धमकाया, जबकि तीन आरोपी उसे जबरन अपने साथ ले गए।

युवती का आरोप है कि दो आरोपितों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया, जबकि अन्य बाहर पहरा देते रहे। आरोपितों ने घटना का वीडियो बनाकर उसे वायरल करने और किसी को भी इस बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

पीड़िता का कहना है कि इस घटना के बाद वह मानसिक तनाव में आ गई और उसने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके कारण उसे दो दिन अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा।

उसने आरोप लगाया है कि जब वह शिकायत लेकर भितरवार थाने पहुंची, तो पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की, बल्कि अस्पताल के दस्तावेज अपने पास रख लिए और आत्महत्या का मामला दर्ज करने की धमकी देकर उसे चुप रहने को कहा।

एफआईआर दर्ज नहीं होने पर पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत महिला थाने भेजी गई है और मामले की निष्पक्ष जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।