BREAKING NEWS
2026-07-23

खंडवा में दुल्हन के गहने चोरी, रिश्तेदार युवती व दो अन्य नागपुर से गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, खंडवा।

मूंदी पुलिस ने शादी वाले घर से दुल्हन के गहने और नकदी लेकर फरार रिश्तेदार युवती को उसके कथित ब्वॉयफ्रेंड और एक अन्य व्यक्ति के साथ महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 1.15 लाख रुपये नकद, करीब ढाई लाख रुपये के सोने के जेवर तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। बरामद मशरूका की कुल कीमत लगभग 3.65 लाख रुपये बताई गई है। तालाब मोहल्ला मूंदी निवासी ऋषभ राठौर ने 17 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी मौसी की बेटी अंबिका उर्फ खुशी राठौर शादी के गहने और 1.80 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गई है। शिकायत पर थाना मूंदी में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर लगातार दबिश दी। मुखबिर की सूचना पर नागपुर में कार्रवाई कर अंबिका उर्फ खुशी, रमजान शेख और मुकेश उर्फ भैरव को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तीनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल खंडवा भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप पुलिस अधीक्षक राजेंद्र नरवरिया, निरीक्षक उमेश कुमार लाखरे, उपनिरीक्षक फिरोज खान तथा आरक्षक नरेंद्र यादव और दिनेश सिसोदे की सराहनीय भूमिका रही।

Advertisement

रेलवे संकेतक बोर्ड चोरी, दो गिरफ्तार

हरदा और भिरंगी स्टेशनों के मध्य लगे संकेतक बोर्ड को चुराने वाले दो बदमाशों को खिरकिया पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ट्राई एंगल स्पीड बोर्ड (एल्युमिनियम का) तथा लोहे की फ्रेम चोरी होने की सूचना पर हरदा पोस्ट पर अज्ञात के विरुद्ध धारा 147 रेलवे एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने पूछताछ में 29 वर्षीय अलिम उर्फ अल्लू पुत्र इब्राहिम निवासी डॉ. भीमराव अंबेडकर वार्ड मानपूरा हरदा तथा 24 वर्षीय आबिद खां पुत्र जब्बर खान निवासी मानपूरा राजीव गांधी हरदा को पकड़ा। आरोपियों ने 18 जुलाई को रेलवे पटरी किनारे लगे एल्यूमिनियम के बोर्ड चोरी कर पास ही स्थित झाड़ियों में छिपाना स्वीकार किया। रेलवे लाइन के आसपास देखने पर और भी बोर्ड बरामद हुए। आरोपियों के पास से कुल 20 नग एल्युमिनियम के रेडियम खरोचे हुए बोर्ड जब्त किए गए, जिनका वजन लगभग 35 किलो और कीमत करीब नौ हजार रुपये है। एक लोहे की फ्रेम, जिसका वजन लगभग तीन किलो और कीमत लगभग 9090 रुपये है, भी जब्त की गई। सिविल पुलिस लाइन थाना से जानकारी लेने पर दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी मिला है। दोनों आरोपितों को 20 जुलाई को रेलवे न्यायालय भोपाल के समक्ष पेश करने पर जेल भेज दिया गया।