BREAKING NEWS
2026-08-14

ग्वालियर पुलिस ने रातभर चेकिंग में 190 बदमाश पकड़े, 252 गुंडों व हिस्ट्रीशीटरों के घर पहुंचे

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रविवार-सोमवार की दरमियानी रात पूरे जिले में एक चेकिंग अभियान चलाया। यह कार्रवाई एसएसपी धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में शहर और देहात की पुलिस टीमों द्वारा रातभर की गई। इस दौरान 190 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया और 252 गुंडों तथा हिस्ट्रीशीटरों के घर पहुंचकर उनकी वर्तमान स्थिति एवं गतिविधियों की जांच की गई।

Advertisement

रातभर चले इस अभियान में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को पकड़ा। पुलिस टीमों ने 92 स्थायी वारंटियों और 98 गिरफ्तारी वारंटियों को पकड़ा।

इसके अतिरिक्त, 128 पहले से दर्ज गुंडों और 124 हिस्ट्रीशीटरों (कुल 252) के ठिकानों पर अचानक पहुंचकर उनकी लोकेशन और गतिविधियों की जांच की गई।

सड़कों पर बिना किसी उचित कारण के घूम रहे युवकों को पुलिस ने रोककर पूछताछ की। पुलिस ने उनके परिजनों को फोन कर रात में उनके बाहर होने की जानकारी दी। पूछताछ में पकड़े गए अधिकांश युवक शहर से बाहर के निवासी पाए गए।

कॉम्बिंग गश्त का नेतृत्व एसएसपी धर्मवीर सिंह ने किया। उनके साथ एएसपी सुजावल जग्गा, सुमन गुर्जर, डॉ. शिवेश सिंह बघेल और जयराज कुबेर ने अपने-अपने इलाकों में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की।

पुलिस टीमों ने शहर के अत्यधिक संवेदनशील इलाकों, बैंकों, एटीएम, धर्मशालाओं, हाईवे के ढाबों और होटल-गेस्ट हाउस के एंट्री रजिस्टर की जांच की। इसके साथ ही, जेल से हाल ही में छूटे और जिला बदर आरोपियों के घरों पर पहुंचकर उनकी मौजूदगी की भी जांच की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई गुंडा, असामाजिक तत्व या बदमाश किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।