BREAKING NEWS
2026-08-06

ग्वालियर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म 1 पर स्कॉर्पियो घुसी, चालक आरपीएफ को चकमा देकर फरार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर रेलवे स्टेशन से एक मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह यात्रियों की चहल-पहल के बीच एक युवक काले रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो (एसयूवी) लेकर सीधे प्लेटफार्म नंबर 1 तक पहुंच गया। यात्रियों से खचाखच भरे प्लेटफार्म पर कार देखकर लोगों के बीच अफरा-तफरी और भगदड़ जैसा माहौल बन गया।

Advertisement

जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार सुबह करीब 10 बजे हुई। प्लेटफार्म नंबर 1 पर तैनात आरपीएफ आरक्षक धूजीराम मीणा ने देखा कि एक काले रंग की स्कॉर्पियो (क्रमांक: 25 BH 1420 R) प्रतिबंधित क्षेत्र में अनाधिकृत रूप से प्रवेश कर गई। कार सवार युवक यात्रियों के बीच से कैंटीन के सामने से वाहन निकालते हुए आगे बढ़ा। ड्यूटी पर मौजूद आरपीएफ जवानों ने जब कार को रोकने का प्रयास किया, तो चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ाई और मौके से भाग निकला।

घटना के वक्त मौके पर मौजूद यात्रियों ने कार के फोटो और वीडियो बना लिए थे। आरपीएफ ने स्कॉर्पियो के पंजीयन नंबर और वीडियो फुटेज के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 153, 159 और 147 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उप निरीक्षक अवतार सिंह धाकड़ को सौंपी गई है। आरपीएफ ने वाहन के नंबर के आधार पर परिवहन विभाग (आरटीओ) से वाहन मालिक और चालक की जानकारी मांगी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान होते ही उसे गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।