बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। आयोजन की सभी तैयारियां विभागीय अधिकारियों को समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदेश के नाम दिए जाने वाले संदेश का सीधा प्रसारण किया जाएगा। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ एक आकर्षक परेड भी निकाली जाएगी।
अंतरविभागीय समन्वय समिति की बैठक
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन के संबंध में विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित अंतरविभागीय समन्वय समिति की बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान सहित शासन के अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। बैठक में अपर कलेक्टर सीबी प्रसाद, अपर कलेक्टर अनिल बनवारिया, अपर आयुक्त नगर निगम प्रदीप तोमर सहित जिले के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व व विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत ने समारोह की पूर्ण गरिमा और भव्यता सुनिश्चित करने हेतु विभागीय अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन समय-सीमा में करने के निर्देश दिए।
सांची पेड़ा की बढ़ती मांग व मिलावट की चिंता
15 अगस्त के अवसर पर इस बार भी सांची पेड़ा की भारी मांग देखी जा रही है। ग्वालियर सहकारी दुग्ध संघ मर्यादित को स्कूलों, कॉलेजों और विभिन्न संस्थानों से पेड़ा की मांग प्राप्त हो रही है। सांची प्रबंधन द्वारा इसकी आपूर्ति की तैयारी की जा रही है। पिछले वर्ष सांची पेड़ा का आंकड़ा दो मीट्रिक टन तक पहुँच गया था, और इस बार इससे अधिक बिक्री की उम्मीद है। प्रशासन की ओर से भी हर बार यह निर्देश जारी किए जाते हैं कि स्कूलों में वितरण हेतु पेड़े अधिकृत संस्था सांची से ही लिए जाएँ। इन दिनों रक्षाबंधन के चलते मिलावटखोरों की सक्रियता बढ़ जाती है, जिससे मिठाइयों में मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है। पूर्व में भी प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा 15 अगस्त के अवसर पर बच्चों को बाजार की मिलावटी मिठाइयों से बचाने के लिए पत्र लिखकर अपील की जाती रही है।

