बुलंद सोच, इंदौर।
इंदौर जिले की देपालपुर तहसील के कुनगारा गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां गैस पाइप में आग लगने से दो साल की बच्ची सृष्टि चौहान की मौत हो गई। इस घटना में बच्ची की मूक-बधिर मां काजल चौहान 50 प्रतिशत झुलस गईं।
यह हादसा उस समय हुआ जब मूक-बधिर महिला काजल चौहान खाना बना रही थीं और उनकी साड़ी में आग लग गई। पास में खेल रही उनकी दो साल की बेटी सृष्टि चौहान भी आग की चपेट में आ गई, जिससे मां अपनी जान बचाने के लिए चिल्ला भी नहीं पाईं।
घटना के बाद काजल चौहान ने खेत में गए अपने परिजनों को वीडियो कॉल कर सूचना दी। परिवार के लोग दोनों मां-बेटी को अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया।
परिवार वालों का कहना है कि यह हादसा गैस पाइप में आग लगने की वजह से हुआ। आग तेजी से फैली, जिससे महिला की साड़ी ने भी आग पकड़ ली और बच्ची भी झुलस गई।
परिवार के परिजनों के अनुसार, सृष्टि का दूसरा जन्मदिन एक दिन पहले ही बहुत खुशी से मनाया गया था।
काजल चौहान का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है और वह 50 प्रतिशत झुलस गई हैं। इस घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है।

