बुलंद सोच, ग्वालियर।
ग्वालियर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र में एक पांच वर्षीय बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस मामले में आरोप मकान मालिक के नाबालिग बेटे पर लगा है। यह घटना मंगलवार तड़के की बताई जा रही है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी किशोर को अभिरक्षा में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, भिंड निवासी एक परिवार गोला का मंदिर क्षेत्र में एक किराये के मकान में रहता है। घटना के समय परिवार का मुखिया काम पर गया हुआ था। घर में महिला अपने बच्चों के साथ मौजूद थी। गर्मी और बिजली की समस्या के कारण कमरे का दरवाजा खुला था।
महिला ने शिकायत में बताया कि तड़के बच्ची के रोने की आवाज सुनकर उसकी नींद खुली। उसने मौके पर आरोपी किशोर को देखा, जिसके बाद शोर मचाने पर वह वहां से चला गया।
महिला ने बच्ची से जानकारी लेने के बाद अपने पति को सूचना दी। इसके बाद दोनों पति-पत्नी थाने पहुंचे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी किशोर के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपित को किशोर न्याय कानून के तहत अभिरक्षा में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सीएसपी मनीष यादव ने बताया कि मामले की जांच संवेदनशीलता के साथ की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की प्रक्रिया बढ़ाई जाएगी।

