बुलंद सोच, भोपाल।
राजधानी भोपाल में घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को एक बार फिर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले दो महीने से स्थिति सामान्य होने और सर्वर के पटरी पर लौटने के बाद बुकिंग व आपूर्ति बहाल हो गई थी, लेकिन एक बार फिर सर्वर की रफ्तार धीमी हो गई है। इस कारण से उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग नहीं कर पा रहे हैं, जिसके लिए उन्हें आधा से एक घंटे तक परेशान होना पड़ रहा है। जिन उपभोक्ताओं की ईकेवाईसी नहीं है, उनकी आपूर्ति रोककर इसे पूरा किया जा रहा है।
उपभोक्ताओं को ऑनलाइन बुकिंग में परेशानी
जिले में करीब साढ़े चार लाख एलपीजी उपभोक्ता हैं। मार्च में अमेरिका-ईरान और पश्चिम एशिया के संघर्ष के कारण एलपीजी सिलिंडर बुकिंग व आपूर्ति प्रभावित हो गई थी। इंडेन, भारत और एचपी की करीब 40 से अधिक एजेंसियां व गोदाम इन उपभोक्ताओं को सिलिंडर आपूर्ति करते हैं। उपभोक्ता नंबर व मैसेज के जरिए बुकिंग कर सकते हैं। कुछ दिनों से बुकिंग नहीं होने के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है। कोलार के रहने वाले उपभोक्ता बृजेंद्र ने बताया कि वह करीब तीन दिन से बुकिंग करने का प्रयास कर रहे थे। कोलार इंडेन एजेंसी पर पहुंचने पर उन्हें बताया गया कि दिन में सर्वर समस्या कर रहा है, इसलिए रात 12 बजे बुकिंग करें। बृजेंद्र को सिलिंडर बुकिंग के लिए छह से सात दिन तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
ईकेवाईसी और आपूर्ति पर विरोधाभासी बयान
एक इंडेन गैस एजेंसी संचालक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि सर्वर की रफ्तार धीमी होने से बुकिंग में समस्या आ रही है, लेकिन रात में बुकिंग जल्द हो जाती है। संचालक ने यह भी बताया कि जिन उपभोक्ताओं ने ईकेवाईसी नहीं करवाई है, उन्हें सिलिंडर आपूर्ति करने से रोका गया है। ऐसे मामलों में मौके पर ही ईकेवाईसी करने के बाद सिलिंडर उपलब्ध करवाया जा रहा है।
अधिकारी का स्पष्टीकरण
जिला आपूर्ति अधिकारी चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि जिले में एलपीजी गैस सिलिंडर के साढ़े चार लाख उपभोक्ता हैं और सभी की ईकेवाईसी अनिवार्य है, लेकिन किसी की भी आपूर्ति नहीं रोकी जा रही है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि एजेंसी संचालकों को मौके पर ही ईकेवाईसी कर सिलिंडर आपूर्ति की जाए। जादौन ने यह भी बताया कि बुकिंग की समस्या सर्वर को लेकर हो सकती है, जिसके लिए कंपनियों को कहा गया है।

