बुलंद सोच, पन्ना।
पन्ना के अजयगढ़ तहसील स्थित ग्राम सिंहपुर (भसुंडा नदी किनारे) निवासी चुनवाद कोरी अपने 5 वर्षीय पुत्र किशन कोरी को 27 जुलाई 2026 को अत्यंत गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय पन्ना लेकर पहुंचे। मासूम किशन ‘कंप्लीट प्रोलैप्स’ नामक गंभीर बीमारी से पीड़ित था, जिससे उसकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई थी।
बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए, सिविल सर्जन डॉ. आलोक कुमार गुप्ता ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने सर्जिकल विशेषज्ञ डॉ. सुधीर सिंह को मरीज का प्राथमिक उपचार करने और स्थिति को स्थिर करने के निर्देश दिए। डॉक्टरों की टीम ने बिना वक्त गंवाए बच्चे को आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराई।
मासूम की नाजुक हालत और परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए, पन्ना कलेक्टर ने संवेदनशीलता दिखाई। उनके विशेष निर्देशों पर, जिला चिकित्सालय प्रबंधन ने रोगी कल्याण समिति के कोष से बच्चे के पिता चुनवाद कोरी को अग्रिम इलाज और व्यवस्थाओं के लिए 10,000 रुपये का आर्थिक सहायता चेक मौके पर प्रदान किया।
जिला चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के उपरांत, बच्चे को बेहतर विशेषज्ञ इलाज की आवश्यकता थी। इसके लिए अस्पताल प्रशासन ने तुरंत 108 एम्बुलेंस की व्यवस्था की। डॉक्टरों की देखरेख में, मासूम किशन को उन्नत उपचार हेतु अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भोपाल रेफर कर दिया गया।
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की इस त्वरित तथा मददगार कार्यप्रणाली की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की है।
मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने राज्य को वन्यजीव संरक्षण पर सर्वोच्च न्यायालय की गाइडलाइन के अनुरूप नीति बनाने के लिए समय दिया।

