BREAKING NEWS
2026-07-31

निजी बैंक कर्मचारी पलक काशिव की हत्या का खुलासा, प्रेमी मयंक शाक्य गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

निजी बैंक कर्मचारी पलक काशिव की मौत का खुलासा पुलिस ने किया है। पुलिस ने पलक के प्रेमी मयंक शाक्य को दतिया से गिरफ्तार कर लिया है। मयंक पलक से जबरदस्ती शादी करना चाहता था। पलक ने इनकार कर दिया तो उसने उसकी हत्या करने का फैसला कर लिया।

वारदात का तरीका

पता चला कि युवती का प्रेमी नकाब पहनकर घर आया था। पहले उसने युवती का गला दबाया और जब वह मूर्छित हो गई तो उस पर पेट्रोल डालकर घर में आग लगा दी। हादसा बताने के लिए उसने गैस का बर्नर भी खुला छोड़ दिया था।

Advertisement

शव की खोज और प्रारंभिक जांच

पलक का शव तपेश्वरी के फ्लैट में सोमवार को मिला था। शव दो दिन पुराना था। दरअसल, पलक दो दिन से परिजनों के फोन नहीं उठा रही थी। पिता ने मकान मालिक को फ्लैट पर भेजा तो पलक का शव फ्लैट में मिला। उस समय गैस का बर्नर खुला था और गैस का रिसाव भी हो रहा था। चूल्हे पर कटी हुई सब्जियां रखी थीं। परिस्थितियों को देखकर पुलिस ने पहले इसे हादसा समझा और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जांच में अहम मोड़

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने की बात सामने आई। उधर, पुलिस ने कॉलोनी के सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो एक नकाबपोश युवक तेज कदमों से जाता हुआ दिखाई दिया। परिजनों ने बताया कि पलक मयंक से मिलती थी। साइबर विशेषज्ञों की मदद से कॉल डिटेल निकाली गई तो मयंक की लोकेशन खजराना क्षेत्र में मिली। पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की तो उसने हत्या करना कबूल कर लिया और पलक पर पेट्रोल डालकर उसे जलाने की बात भी स्वीकार कर ली।