BREAKING NEWS
2026-07-29

इंदौर में शराबी कार सवारों का पुलिस टीम पर हमला, तीन जवान घायल, चार आरोपी गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र में रविवार तड़के वाहन चेकिंग अभियान के दौरान शराब के नशे में धुत कार सवारों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की। इस घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया, जिसके बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

Advertisement

ब्रेथ एनालाइजर जांच के बाद शुरू हुआ विवाद

यह घटना रविवार सुबह लगभग पांच बजे कनाड़िया रोड पर स्थित नेक्सा शोरूम के सामने हुई। कनाड़िया थाने में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) मुकामसिंह डाबर वाहन चेकिंग अभियान की निगरानी कर रहे थे। उनके साथ प्रधान आरक्षक किशोर सावलिया, आरक्षक विजय यादव, आरक्षक रुपेंद्र भाटी, आरक्षक ओमप्रकाश नरवरिया और नगर सैनिक मुकेश परमार भी मौजूद थे। पुलिस टीम के पास बॉडी वॉर्न कैमरा, ब्रेथ एनालाइजर मशीन, बेटन लाइट, रिफ्लेक्टर जैकेट और स्टॉपर जैसे उपकरण उपलब्ध थे। पुलिस ने कार क्रमांक एमपी 13 जेडके 1644 को रोका और चालक राहुल की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की, जिसमें उसके शराब पीने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई शुरू करते हुए कार जब्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ की।

मारपीट में तीन पुलिसकर्मी घायल, चार आरोपी गिरफ्तार

कार जब्त किए जाने का विरोध करते हुए राहुल और उसके साथ मौजूद आशीष सिंह, सुभाष चौहान तथा संतोष ने पुलिस टीम से विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की। इस मारपीट में आरक्षक किशोर और अशोक की आंखों में तथा आरक्षक विजय यादव की नाक पर चोटें आईं। स्थिति नियंत्रण से बाहर होने पर एएसआई मुकामसिंह डाबर ने वायरलेस सेट के माध्यम से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया। इसके बाद चारों आरोपियों को पकड़कर थाने ले जाया गया। पुलिस ने राहुल पुत्र आशाराम गेहलोद निवासी कृष्णबाग कॉलोनी, आशीष पुत्र देवीसिंह निवासी कृष्णबाग कॉलोनी, सुभाष पुत्र आशाराम चौहान निवासी केशबड़ी महू और सुभाष पुत्र देवीलाल निवासी कृष्णबाग कॉलोनी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

कनाड़िया क्षेत्र में पुलिस पर हमलों की बढ़ती घटनाएं

कनाड़िया थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में पुलिसकर्मियों पर हमलों की कई घटनाएं सामने आई हैं। इससे पहले डायमंड कॉलोनी में बदमाश मोहसीन ने सिपाही विजयपाल और आशीष शर्मा पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। वहीं, एक सेल्सगर्ल से मोबाइल लूट के मामले में आरोपी शंकर और संजू भाट ने एसआई जितेंद्र सिंह और अन्य पुलिसकर्मियों से हाथापाई की थी। कनाड़िया ब्रिज के पास ट्रैफिक थाना के आरक्षक अनुराग शर्मा के साथ भी मारपीट की घटना हुई थी। इसके अतिरिक्त, श्रीजी वैली क्षेत्र में प्रधान आरक्षक मनीष रायकवार के साथ भी एक कार सवार द्वारा मारपीट की घटना सामने आ चुकी है।