BREAKING NEWS

जबलपुर: सात बदमाशों ने चार दोस्तों का अपहरण कर की मारपीट

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, जबलपुर।

जबलपुर में रविवार रात अपहरण और मारपीट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। दो कारों में सवार सात बदमाशों ने पुरानी रंजिश के चलते चार दोस्तों का एक-एक कर अपहरण कर लिया।

Advertisement

इन्द्रा बस्ती निवासी विनम्र बर्मन (16) के दोस्त अंकित ठाकुर की अभिषेक बर्मन से पुरानी रंजिश चल रही थी। अभिषेक, अंकित के दोस्तों से भी दुश्मनी रखता था। रविवार रात अभिषेक अपने साथियों यश साहू, राज तेकाम और जिशान खान के साथ कार से पहुंचा।

सबसे पहले उन्होंने विक्का ठाकुर का अपहरण कर लिया। इसके बाद आरोपी भारत कॉलोनी पहुंचे, जहां विनम्र अपने दोस्त अनमोल के साथ बैठा था। आरोपियों ने दोनों के साथ विवाद किया और फिर विनम्र को जबरन कार में बैठाकर मारपीट की।

इसी दौरान दूसरी कार में सवार राज रजक, विशाल और हर्ष तिवारी भी वहां पहुंच गए। आरोपियों ने विनम्र को धमकाते हुए उससे अंकित ठाकुर को फोन लगवाया। अंकित जैसे ही अपने घर से बाहर आया, बदमाशों ने उसे भी जबरन कार में बैठा लिया।

सभी अपहृत युवकों को बड्डा दादा मैदान ले जाया गया, जहां बेल्ट और बेसबॉल स्टिक से उनकी बेरहमी से पिटाई की गई। मारपीट के दौरान पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंच गई।

पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंचते ही आरोपी चारों दोस्तों को वहीं छोड़कर दोनों कारों में सवार होकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर गढ़ा थाना पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर सातों आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।