BREAKING NEWS
2026-08-06

झाबुआ के थांदला में सूने मकान पर हथियारबंद बदमाशों का धावा, नकदी और जेवरात चोरी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, झाबुआ।

थांदला नगर के वार्ड क्रमांक 3 स्थित गवली मोहल्ला में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात हथियारबंद चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
किराए के मकान में रहने वाले इरशाद कुरैशी के घर को निशाना बनाते हुए लगभग 6 बदमाशों ने ताला तोड़कर नकदी और कीमती जेवरात चुरा लिए।
यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घटना के समय इरशाद कुरैशी अपने घर पर नहीं थे, क्योंकि उनकी माताजी का पैर फ्रैक्चर होने के कारण वे रात को अपने माता-पिता के यहां रुके हुए थे।
चोरों ने इसी सूनेपन का फायदा उठाया और घर का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए। बदमाश घर से नकदी रुपये, सोने की चेन, सोने का हार और अन्य कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए।

Advertisement

पुलिस कार्रवाई और जन प्रतिक्रिया

सुबह घटना की जानकारी मिलते ही इरशाद कुरैशी ने तुरंत थांदला पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने घर और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से स्थानीय नागरिकों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।