बुलंद सोच, भोपाल।
सोशल मीडिया पर नाम बदलकर एक युवती को प्रेमजाल में फंसाने और जबरन निकाह का दबाव बनाने वाले जालसाज का पर्दाफाश हुआ है। इंस्टाग्राम पर खुद को ‘क्रिश जैन’ बताने वाला लखनऊ निवासी आरोपी दिल्ली पहुंचते ही ‘जुम्मन अंसारी’ निकला। पीड़िता को उसके असली नाम और मजहब की भनक तब लगी जब आरोपी ने दिल्ली की एक मस्जिद में निकाह करने की जिद की।
युवती के विरोध करने पर दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हंगामे के बाद भोपाल पुलिस सक्रिय हुई। भोपाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
निशातपुरा थाना पुलिस के अनुसार, क्षेत्र की एक युवती की पहचान करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम पर आरोपी से हुई थी। आरोपी ने खुद को ‘क्रिश जैन’ बताया और बातचीत के जरिए युवती को अपने जाल में उलझा लिया।
युवती का विश्वास पक्का करने के लिए आरोपी लखनऊ से भोपाल आया। वह करोंद इलाके में रहने लगा और छोटा-मोटा काम करने लगा।
बीते दिनों आरोपी युवती को बहाने से करोंद चौराहे पर बुलाकर भोपाल रेलवे स्टेशन ले गया, जहां से दोनों ट्रेन पकड़कर दिल्ली पहुंच गए।
दिल्ली रेलवे स्टेशन उतरते ही आरोपी युवती को सीधे मस्जिद ले जाने लगा और निकाह करने का दबाव बनाने लगा। इस अचानक हुए मोड़ और ‘क्रिश’ के ‘जुम्मन’ बनने के सच से स्तब्ध युवती ने शादी से साफ इनकार कर दिया।
इसके बाद दोनों के बीच दिल्ली स्टेशन पर ही तीखी बहस शुरू हो गई। इधर, युवती के लापता होने की गुमशुदगी परिजनों ने दर्ज कराई थी, जिसके बाद जीआरपी थानों को अलर्ट मैसेज भेजा गया था।
दिल्ली पुलिस ने हंगामा कर रहे युवक-युवती को पकड़ा और पूछताछ की, तो युवती भोपाल की निकली। अलर्ट मैसेज के बाद भेजी गई तस्वीर से युवती की पहचान हुई।
इसके बाद दिल्ली जीआरपी ने भोपाल पुलिस को सूचना दी और दोनों को थाने में बैठा लिया।
निशातपुरा थाना प्रभारी अनिल यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही निशातपुरा पुलिस की टीम दिल्ली पहुंची और युवती को सुरक्षित भोपाल वापस लाई।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी जुम्मन अंसारी के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। उसे अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

