बुलंद सोच, भोपाल।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन में बड़े बदलाव की शुरुआत करते हुए प्रदेश कांग्रेस के अंतर्गत गठित सभी विभागों, प्रकोष्ठों और उनकी सभी स्तर की इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है।
प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी की ओर से जारी आदेश में यह बताया गया है कि यह निर्णय अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशों एवं संगठनात्मक पुनर्गठन की प्रक्रिया के तहत लिया गया है।
आदेश के अनुसार, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अंतर्गत संचालित सभी विभाग, प्रकोष्ठ और उनकी जिला, ब्लॉक सहित सभी इकाइयां तत्काल प्रभाव से समाप्त मानी जाएंगी।
इस आदेश की प्रतिलिपि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं को भेजी गई है।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, इस कदम को मध्य प्रदेश कांग्रेस में व्यापक संगठनात्मक पुनर्गठन की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। अब नए सिरे से विभागों और प्रकोष्ठों का गठन किए जाने की संभावना है।

