बुलंद सोच, अलीराजपुर।
मंगलवार शाम अलीराजपुर के बोरी-टांडा स्टेट हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में रेलवे निर्माण कार्य से लौट रहे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रेत से भरे एक तेज रफ्तार ट्राले ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। यह हादसा बोरी नदी के पुल पर हुआ, जिसमें एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात से आठ मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटनाक्रम और मृतक की पहचान
सभी मजदूर टांडा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं, जो ग्राम डेकाकुंड़ में रेलवे लाइन निर्माण कार्य में मजदूरी कर शाम को ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान, बोरी से टांडा की ओर जा रहे रेत से भरे एक अनियंत्रित ट्राले ने पुल पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली में सवार मजदूर सड़क पर जा गिरे और चीख-पुकार मच गई। हादसे में ग्राम कोडदा निवासी आनंद पिता अरमू तड़वी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घायलों का विवरण और उपचार
घायल मजदूरों में पटेल फलिया, जामला, जिला धार निवासी कविता पिता रेतू; नरवाली निवासी करम बाई पिता गुलाब सिंह सिंगार, दीपक पिता जालम अलावा और पारस पिता जालम सिंह अलावा; तथा ग्राम गुड़ा निवासी दिलीप पिता धनसिंह डावर और सुरेश पिता बल्लू सहित अन्य मजदूर शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल बोरी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद, गंभीर रूप से घायल मरीजों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।
ग्रामीणों में आक्रोश और मांग
घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि बोरी-टांडा स्टेट हाईवे पर ओवरलोड और तेज रफ्तार भारी वाहनों के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से बोरी नदी पुल के समीप स्पीड ब्रेकर बनाने, भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण करने तथा नियमित यातायात जांच अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

