बुलंद सोच, इंदौर।
गुरुवार सुबह इंदौर में बादल छाए रहे और रुक-रुककर हल्की वर्षा दर्ज की गई। एयरपोर्ट क्षेत्र में गुरुवार को 4.5 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। हालांकि, दोपहर में धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक था। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, शुक्रवार को भी शहर में हल्के बादल छाए रहेंगे और बूंदाबांदी होने की संभावना है। दिन और रात का तापमान सामान्य के आसपास रहने का अनुमान है।
मालवांचल में कम वर्षा पर मंथन
देश के अन्य राज्यों में भारी वर्षा हो रही है, लेकिन मालवांचल में अपेक्षाकृत कम वर्षा हुई है। इसी स्थिति को देखते हुए सामाजिक संस्था ‘सेवा सुरभि’ सात अगस्त को शाम साढ़े चार बजे एक कार्यक्रम का आयोजन करने जा रही है। इस कार्यक्रम में पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी भी शामिल होंगे। संस्था संयोजक ओमप्रकाश नरेडा, पर्यावरणविद ओपी जोशी, अतुल शेठ और कुमार सिद्धार्थ के साथ-साथ शहर के पर्यावरण प्रेमी, नागरिक और हरियाली से जुड़े लोग इस मंथन में भाग लेंगे। चर्चा के मुख्य बिंदु पर्यावरण बिगड़ने, टेक्नोलॉजी में लगातार आगे बढ़ने के बावजूद पर्यावरण संरक्षण की दिशा में आम आदमी की उदासीनता और प्रकृति की अवहेलना जैसे मुद्दे होंगे। कार्यक्रम में पद्मश्री जनक पलटा, भूगर्भ जल विशेषज्ञ डॉ. सुधींद्र मोहन शर्मा, आरआर कैट के पूर्व विज्ञानी निकेतन सेठी सहित शहर के कई संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। डॉ. अनिल प्रकाश जोशी एक हरित कार्यकर्ता और हिमालयन पर्यावरण अध्ययन और संरक्षण संगठन (HESCO) के संस्थापक हैं। यह देहरादून स्थित एक स्वैच्छिक संगठन है। उनके कार्य में मुख्य रूप से स्थायी प्रौद्योगिकियों का विकास शामिल है, जो पारिस्थितिकी तंत्र के विकास के लिए पारिस्थितिकी समावेशी अर्थव्यवस्थाएं हैं।
अन्य क्षेत्रों का मौसम
जबलपुर समेत संभाग के अन्य जिलों में फिर से मौसम प्रणालियां सक्रिय हुई हैं, जिससे अच्छी बारिश की संभावना है।

