बुलंद सोच, मुरैना।
मुरैना जिले के निरार थाना क्षेत्र अंतर्गत बलालपुर गांव में एक घूरे पर गोबर डालने को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। इस घटना में एक महिला को पेड़ से बांधकर डंडों से पीटा गया, वहीं पीड़िता का बेटा जब उसे बचाने आया तो हमलावरों ने उसे भी पीटकर घायल कर दिया।
विवाद का कारण
बलालपुर निवासी 35 वर्षीय सीमा पत्नी मुकेश कुशवाह शुक्रवार सुबह लगभग 11 बजे अपने घर के पास सड़क किनारे बने घूरे पर मवेशी का गोबर फेंकने गई थीं। इसी दौरान परिवार की ही महिला महादेवी ने आपत्ति जताते हुए कहा कि यह जमीन अब उनकी है और इस घूरे पर गोबर नहीं फेंका जाए। सीमा ने जवाब दिया कि यह घूरा सबका है, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
यह विवाद इतना बढ़ा कि महादेवी ने अपने पति राजेंद्र, बेटे कमल सिंह और बहुओं नीतू तथा रूमाली कुशवाह को बुला लिया। इन सभी ने मिलकर सीमा के घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने सीमा को घसीटते हुए घर के बाहर लाए और फिर उसे घर के बाहर लगे एक पेड़ से हाथ बांध दिए। पेड़ से बांधने के बाद डंडों से सीमा की पिटाई की गई।
जब सीमा का बेटा उसे बचाने आया, तो आरोपियों ने उसे भी डंडे से पीटकर घायल कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन से बना लिया। पीड़िता और आरोपी महिलाएं रिश्ते में देवरानी-जेठानी लगती हैं।
पुलिस कार्रवाई
निरार थाना प्रभारी रामकुमार गौतम ने बताया कि सीमा की शिकायत पर आरोपी राजेंद्र कुशवाह, कमल सिंह, रूमाली, नीतू और महादेवी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इन पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

