BREAKING NEWS
2026-08-03

E20 पेट्रोल से वाहनों को नुकसान: जयराम रमेश ने केंद्र सरकार को घेरा

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच।

देशभर में 20 फीसदी इथेनॉल मिले E20 पेट्रोल की बिक्री को लेकर राजनीतिक गरमाहट बढ़ गई है। कांग्रेस ने इस नीति को लेकर केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोला है। पार्टी का आरोप है कि बिना पुख्ता आंकड़ों के यह ईंधन देश की जनता पर थोपा जा रहा है।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि 29 जुलाई को केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी द्वारा संसद में दिए गए जवाब से जनता का भ्रम दूर नहीं हुआ, बल्कि नए सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार E20 को पूरी तरह सुरक्षित बता रही है, जबकि जमीनी स्तर पर उपभोक्ता और मैकेनिक दोनों परेशान एवं बेबस हैं।

Advertisement

जयराम रमेश ने बताया कि जून 2026 में हुए एक स्वतंत्र सर्वेक्षण में 2023 से पहले के 44,000 वाहन चालकों ने E20 के कारण गाड़ियों में भारी नुकसान होने की बात कही। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि सितंबर 2025 में पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने इंजन खराब होने की शिकायतों को ‘बकवास’ कहकर खारिज कर दिया था।

जयराम रमेश के अनुसार, नीती आयोग की 2021 की रिपोर्ट स्वयं स्वीकार करती है कि E20 से E10 क्षमता वाले वाहनों के रबर पुर्जों को तेजी से क्षति पहुँचती है। जुलाई 2026 की ARAI रिपोर्ट के अनुसार, E20 के कारण वाहनों के फ्यूल टैंक और धातु के अंदरूनी पुर्जों में जंग लगने का खतरा है।

उन्होंने यह भी बताया कि E20 के उपयोग से पुरानी 4-व्हीलर का माइलेज 6-7%, 2-व्हीलर का 3-4% और E20-कम्पेटीबल नई गाड़ियों का माइलेज भी 1-2% तक कम होता है।

वाहन चालकों की प्रमुख शिकायतें

जयराम रमेश के अनुसार, देशभर के वाहन चालक और मैकेनिक महीनों से E20 पेट्रोल के संबंध में गंभीर शिकायतें दर्ज करा रहे हैं। इनमें गाड़ियों के माइलेज में भारी गिरावट, इंजन के प्रदर्शन में कमी, ठंड में ‘कोल्ड-स्टार्ट’ की समस्या और समय से पहले इंजन घिसने की शिकायतें शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, 2023 से पहले बनी गाड़ियों में फ्यूल इंजेक्टर जाम होने, फ्यूल पाइप में जंग लगने तथा रबर सील, होज पाइप और गस्केट गलने की समस्याएं भी सामने आ रही हैं।

जयराम रमेश ने कहा कि आम उपभोक्ताओं के पास E20 खरीदने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा है। उन्होंने जोर दिया कि सरकार के अपने दस्तावेज E20 से होने वाले नुकसान को स्वीकार करते हैं, इसके बावजूद सरकार सच्चाई पर पर्दा डाल रही है और बार-बार गलत जानकारी दे रही है।

उन्होंने बताया कि टेस्ट रिपोर्ट में पैसेंजर व्हीकल्स के इंजन फेल होने तक की बातें सामने आई हैं। जयराम रमेश ने कहा कि देश में जनता का गुस्सा बढ़ रहा है और लोग जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।