बुलंद सोच, इंदौर।
इंदौर के रावजी बाजार क्षेत्र में शनिवार को एक व्यक्ति का शव पानी की टंकी में मिलने से सनसनी फैल गई। शव बाहर निकालने पर उसकी पहचान पिछले सात दिनों से लापता 45 वर्षीय पप्पू उर्फ ओम मालवीय के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, यह घटना जबरन कॉलोनी की है। मृतक पप्पू पेंटर का काम करता था और अपने भाई के साथ रहता था। उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी।
पप्पू का भाई कुछ दिन पहले चारधाम यात्रा पर गया था। स्वजन भी चारधाम यात्रा पर गए हुए थे।
रहवासियों ने बताया कि पप्पू को आखिरी बार 25 जुलाई को देखा गया था।
पानी की टंकी से बदबू आने पर लोगों ने पहले फिनाइल डालने की बात कही। बाद में शनिवार को पानी की टंकी से तेज दुर्गंध आने पर लोगों ने अंदर झांककर देखा तो शव पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया।
तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। शव फूल चुका था और डिकंपोज होने लगा था। शव को बाहर निकालने के लिए टंकी पर लगी फर्शी हटाई गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
बस में यात्री की मौत
संभाजी नगर से इंदौर आई एक बस में एक यात्री की मौत हो गई। बस खाली होने पर चालक और परिचालक ने शव देखा तो वे चौंक गए।
छोटी ग्वालटोली पुलिस ने इस संबंध में मर्ग कायम किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सीकर (राजस्थान) निवासी 50 वर्षीय हरिप्रसाद पुत्र हरपाल के रूप में हुई है। संभवत: उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई है।
युवक पर प्राणघातक हमला
इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र में चार बदमाशों ने एक युवक पर प्राणघातक हमला कर दिया। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने तीन के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। यह घटना सम्राट नगर की है। फरियादी शेख इमरान निवासी तंजीम नगर अपने दोस्त हसनैन से मिलने गया था।
आरोपित रेहान खान, अबु रेहान, इमरान और उसके एक अन्य साथी ने इमरान से आने का कारण पूछा और उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक को ईंट और पत्थर से भी मारा।
बच्ची का निर्वस्त्र शव मिला
सुबह शौच के लिए घर से निकली 14 साल की एक बच्ची का सड़क किनारे निर्वस्त्र शव मिला।
दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है।

