बुलंद सोच, भोपाल।
मध्य प्रदेश सरकार ने राज्य के कर्मचारियों की सामान्य भविष्य निधि (GPF), पटवारी विशेष भविष्य निधि सहित अन्य विभिन्न निधियों पर देय ब्याज दरों का निर्धारण कर दिया है।
वित्त विभाग द्वारा जारी नए आदेशों के अनुसार, चालू तिमाही (1 जुलाई से 30 सितंबर 2026) के लिए ब्याज दर 7.1 प्रतिशत तय की गई है।
निर्धारित 7.1 प्रतिशत की यह ब्याज दर केवल सामान्य भविष्य निधि तक सीमित नहीं रहेगी।
इसे अन्य प्रमुख विभागीय निधियों पर भी समान रूप से लागू किया गया है, जिसमें मध्य भारत जीवन बीमा निधि, विभागीय भविष्य निधि (Departmental PF) तथा कर्मचारी बीमा सह बचत योजना शामिल हैं।
प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के लिए यह राहत की बात है कि सरकार ने ब्याज दरों में कोई कटौती नहीं की है।
इससे पहले की तिमाही में भी कर्मचारियों को इन निधियों पर 7.1 प्रतिशत की दर से ही ब्याज का भुगतान किया गया था, जिसे इस तिमाही के लिए भी यथावत बनाए रखा गया है।

