BREAKING NEWS
2026-07-29

मुंबई: पुलिस वैन रोकने वाली मॉडल रिया यादव ने साइबर सेल में उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, मुंबई।

मुंबई के शिवाजी पार्क इलाके में पिछले सप्ताह प्रदर्शनकारियों से भरी पुलिस वैन को रोकने की कोशिश करने वाली 27 वर्षीय मॉडल रिया यादव उर्फ रिया अहीर ने अब सोशल मीडिया पर लगातार हो रहे उत्पीड़न और बदनामी के खिलाफ महाराष्ट्र पुलिस की साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है। फोटो और वीडियो वायरल होने के बाद खुद को निशाना बनाए जाने से परेशान मॉडल ने कार्रवाई की मांग की है। रिया यादव ने बताया कि उन्होंने शनिवार को इस संबंध में लिखित शिकायत दी है। वह सोमवार को साइबर सेल के वरिष्ठ अधिकारियों से मिलकर सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणियां करने, गालियां देने और उनकी छवि खराब करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करेंगी।

ऑनलाइन ट्रोलिंग का आरोप

रिया का आरोप है कि 22 जुलाई की घटना के बाद से उन्हें लगातार ऑनलाइन ट्रोल किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर उनके चरित्र पर सवाल उठाए जा रहे हैं और आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं। उनका कहना है कि फिलहाल यह मामला इंटरनेट तक सीमित है, लेकिन अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यह उनकी सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकता है। उन्होंने कहा कि वह नहीं चाहतीं कि इस पूरे विवाद का असर उनके माता-पिता पर पड़े।

Advertisement

22 जुलाई की घटना पर बयान

22 जुलाई की घटना का जिक्र करते हुए रिया ने कहा कि उस दिन उन्होंने आम लोगों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई थी। उन्हें जो गलत लगा, उसके खिलाफ उन्होंने विरोध जताया। अब जब उन्हें सोशल मीडिया पर निशाना बनाया जा रहा है, तो वह अपने सम्मान और सुरक्षा के लिए भी कानूनी लड़ाई लड़ेंगी और इस तरह की बदसलूकी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई चाहती हैं।