बुलंद सोच, भोपाल।
राजधानी भोपाल में निशातपुरा रेलवे स्टेशन के लोकार्पण का इंतजार एक बार फिर बढ़ गया है। 26 जुलाई को प्रस्तावित उद्घाटन समारोह अंतिम समय में स्थगित कर दिया गया।
अब इसके मंगलवार को आयोजित होने की संभावना है। हालांकि, रेलवे की ओर से नई तारीख को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) पंकज त्यागी ने बताया कि कुछ अपरिहार्य कारणों से उद्घाटन कार्यक्रम स्थगित किया गया है। उन्होंने कहा कि अब इसे मंगलवार को आयोजित करने की तैयारी है।
प्रस्तावित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना था, जबकि केंद्रीय रेल मंत्री को वर्चुअल माध्यम से समारोह से जुड़ना था। स्थानीय सांसद आलोक शर्मा समेत अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति भी प्रस्तावित थी।
यह स्टेशन तीन साल से उद्घाटन का इंतजार कर रहा है और इसके निर्माण पर 6 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। प्लेटफॉर्म तैयार होने के बावजूद यहां ट्रेनें नहीं रुक रही हैं।
स्थानीय निवासी हरिनारायण चक्रवर्ती ने बार-बार कार्यक्रम टलने पर नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने बताया कि पहले भी कई बार उद्घाटन की तारीख घोषित होने के बावजूद कार्यक्रम स्थगित हुआ है।
लगातार हो रही देरी से क्षेत्र के लोगों में निराशा है, क्योंकि लाखों यात्रियों को उम्मीद है कि स्टेशन शुरू होने से बेहतर रेल सुविधा मिलेगी।

