बुलंद सोच, भोपाल।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ओंकारेश्वर में हुई सेप्टिक टैंक दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दुर्घटना की जवाबदेही तय कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संपूर्ण प्रकरण की विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दुर्घटना में लापरवाही करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को निलंबित किया जाए तथा विभागीय जांच में दोषी पाए जाने वालों को बर्खास्त किया जाएगा। राज्य सरकार के लिए आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा अतिक्रमण नोडल अधिकारी एवं उपयंत्री श्री सुरेश चंद्र पाटीदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
घटना का विवरण
उल्लेखनीय है कि गत दिवस ओंकारेश्वर के ब्रह्मपुरी पार्किंग क्षेत्र में एक तीन वर्षीय बालक की सेप्टिक टैंक में गिरने से मृत्यु हो गई थी। ब्रह्मपुरी पार्किंग क्षेत्र स्थित धर्मशाला परिसर में किए गए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी। कार्रवाई उपरांत मलबे को यथास्थान रखा गया था ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मलबे से लोहा, सरिया, भंगार और अन्य सामग्री निकाली गई, जिससे सेप्टिक टैंक के ढक्कन को क्षति पहुंचाकर उसे खुला छोड़ दिया गया। इस परिस्थिति में तीन वर्षीय बालक के सेप्टिक टैंक में गिर जाने से उसकी दुखद मृत्यु हुई।
भविष्य की सावधानियों हेतु निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिला प्रशासन और नगर परिषद को घाटों पर गंदगी और सीवेज न गिरे, इसके लिए हर संभव व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घाटों और खतरनाक स्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और पुलिस/होमगार्ड की आवश्यक तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। सभी सीवर चैंबर का सर्वे कर टूटे-फूटे ढक्कन तुरंत बदलने और सभी तरह के मरम्मत कार्य तत्काल करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भविष्य में सभी सावधानियां अपनाई जाएं और इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो, यह जिला प्रशासन का दायित्व है।

