BREAKING NEWS
2026-07-29

मध्यप्रदेश के 18 जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट, पूर्वी-मध्य हिस्सों में मानसून होगा और तेज

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना हवा का दबाव अब और अधिक ताकतवर हो रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, यह दबाव गहरे अवदाब में बदलकर 27 जुलाई की दोपहर तक ओडिशा के पारादीप और बंगाल के सागर द्वीप के बीच तट से टकराएगा। इस मौसम प्रणाली के असर से पूरे प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

Advertisement

भारी वर्षा का अलर्ट

आज प्रदेश के 18 जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में रीवा, सतना, पन्ना, मऊगंज, मैहर, सीधी, सिंगरौली, कटनी, उमरिया, शहडोल, जबलपुर, डिंडोरी, अनूपपुर, मंडला, सिवनी, बालाघाट, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा शामिल हैं। इस सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी से अति भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। वहीं, मध्य के जिलों में भी भारी वर्षा हो सकती है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बौछारें पड़ने के आसार हैं।

पिछले दिन की वर्षा और तापमान की स्थिति

रविवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा 54 मिलीमीटर वर्षा सतना में दर्ज की गई, जबकि अन्य जिलों में हल्की बौछारें पड़ीं। वर्षा के दौर के बावजूद दिन के तापमान में एक से चार डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं, रात के तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। जबलपुर में दिन का पारा सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक रहकर 34.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा, जिससे लोगों को उमस का सामना करना पड़ा। राजधानी भोपाल में धूप-छांव के साथ कहीं तेज वर्षा हुई तो कहीं पर बूंदाबांदी देखी गई।

चार बड़े शहरों का तापमान

प्रदेश के चार बड़े शहरों का तापमान इस प्रकार रहा:
भोपाल: अधिकतम 30.6°C, न्यूनतम 23.0°C
इंदौर: अधिकतम 30.9°C, न्यूनतम 22.3°C
ग्वालियर: अधिकतम 36.2°C, न्यूनतम 27.2°C
जबलपुर: अधिकतम 34.6°C, न्यूनतम 25.4°C
(नोट: तापमान डिग्री सेल्सियस में है)