बुलंद सोच, जबलपुर।
जबलपुर के होनहार गायक तनिष्क शुक्ला ने देश के सबसे लोकप्रिय सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आइडल सीजन-16 में फर्स्ट रनर-अप का खिताब अपने नाम कर जबलपुर को गौरवान्वित किया है। उनकी यह सफलता केवल एक प्रतियोगिता में मिली उपलब्धि नहीं, बल्कि संघर्ष, आत्मविश्वास और संगीत के प्रति समर्पण की प्रेरक कहानी है।
तनिष्क के पिता प्रभाकांत शुक्ला ने बताया कि एक समय तनिष्क गंभीर एंजायटी की समस्या से जूझ रहे थे। उस कठिन दौर में संगीत उनके लिए संबल बना और धीरे-धीरे उन्होंने अपनी इस चुनौती पर विजय प्राप्त की। उन्होंने कहा कि आज बेटे को इस मुकाम पर देखकर पूरा परिवार बेहद गर्व महसूस कर रहा है।
चेस से संगीत तक का सफर
बचपन में तनिष्क को चेस खेलने का काफी शौक था, लेकिन कुछ व्यक्तिगत परिस्थितियों के कारण उन्हें यह खेल छोड़ना पड़ा। इसके बाद वर्ष 2021 में उन्होंने जबलपुर के प्रसिद्ध संगीत गुरु प्रकाश वेरुलकर से गायन की विधिवत शिक्षा शुरू की।
अपनी मेहनत, नियमित रियाज और गुरु के मार्गदर्शन से उन्होंने कुछ ही वर्षों में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना ली। इंडियन आइडल के मंच पर तनिष्क ने अपनी सुरीली आवाज और भावपूर्ण प्रस्तुतियों से जजों व दर्शकों का दिल जीत लिया।
बादशाह ने दिया 'तनिष्क फाइटर' का खिताब
उनकी प्रतिभा से प्रभावित होकर रैपर और जज बादशाह ने उन्हें विशेष रूप से ‘तनिष्क फाइटर’ लिखा हुआ माइक भेंट किया। इसके अलावा उन्हें प्रतियोगिता के दौरान कई अन्य पुरस्कार और सम्मान भी मिले।
तनिष्क की मां उषा शुक्ला ने कहा कि बेटे की इस उपलब्धि से परिवार की वर्षों की मेहनत सफल हुई है। उन्होंने बताया कि तनिष्क के बड़े भाई तन्मय और बड़ी बहन तानिया ने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया और कठिन समय में उनका साथ नहीं छोड़ा।

