BREAKING NEWS
2026-07-29

भोपाल में ई-बसों का यात्रियों के साथ ट्रायल रन 29 जुलाई के बाद

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

राजधानी भोपाल में इलेक्ट्रिक बसों का इंतजार कर रहे शहरवासियों को अभी कुछ दिन और प्रतीक्षा करनी होगी। भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड (बीसीएलएल) ने 27 जुलाई से प्रस्तावित यात्रियों के साथ ई-बसों का ट्रायल रन फिलहाल टाल दिया है।
बीसीएलएल की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अंजू अरुण कुमार ने बताया कि “अभी दो दिन और बिना यात्रियों के ही ट्रायल रन चलेगा। 29 जुलाई के बाद दो रूटों पर यात्रियों के साथ ट्रायल रन शुरू किया जाएगा और इस दौरान यात्रियों को निर्धारित टिकट लेकर ही यात्रा करनी होगी।”
पहले बीसीएलएल ने 27 जुलाई से 10 ई-बसों को दो रूटों पर यात्रियों के साथ परीक्षण के तौर पर चलाने की तैयारी की थी, लेकिन अब परिचालन कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, 29 जुलाई के बाद शुरू होने वाले ट्रायल के दौरान 10 बसों का संचालन सामान्य सार्वजनिक परिवहन की तरह होगा, ताकि किराया संग्रह, टिकटिंग प्रणाली और यात्री संचालन व्यवस्था का भी परीक्षण किया जा सके।

Advertisement

कुल 245 ई-बसों के संचालन की तैयारी

राजधानी भोपाल में कुल 245 ई-बसें चलाने की तैयारी है। इसमें पहले चरण में 100 बसें पीएम ई-बस सेवा वाली होंगी और 145 बीसीएलएल (भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड) की होंगी।
वर्तमान में पीएम बस सेवा वाली 100 में से 21 बसें भोपाल आ गई हैं।
अभी तक 12 रूट फाइनल हुए हैं। इसमें सबसे बड़ा रूट 68.5 किलोमीटर लंबा सीहोर से रातापानी का होगा, जबकि सबसे छोटा रूट 28 किलोमीटर का कोच फैक्ट्री से गोल-जोड़ तक का रहेगा।
ई-बसों के लिए दो डिपो बैरागढ़ और कस्तूरबा नगर फाइनल किए गए हैं।

पहले चरण के रूट और नियमित संचालन

बीसीएलएल अधिकारियों के अनुसार, पहले चरण में दो रूटों पर ही बसों का परीक्षण किया जाएगा। पहला रूट चिरायु अस्पताल से बोर्ड ऑफिस मेट्रो स्टेशन होते हुए बैरागढ़-चिचली तक रहेगा, जबकि दूसरा रूट चिरायु अस्पताल से बोर्ड ऑफिस मेट्रो स्टेशन होते हुए रेलवे कोच फैक्ट्री तक संचालित होगा।
इन दोनों रूटों पर 10 ई-बसें चलाई जाएंगी। ट्रायल के दौरान बसों के संचालन, यात्री भार और समय-िणी का परीक्षण किया जाएगा।
इसके बाद अगस्त में नियमित संचालन शुरू करने की तैयारी है।

परिचालन और आधुनिक सुविधाएं

अनुबंध के अनुसार, प्रत्येक ई-बस का प्रतिदिन कम से कम 180 किलोमीटर संचालन अनिवार्य होगा।
बस ऑपरेटर को 58.14 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से भुगतान किया जाएगा, जिसमें 22 रुपये प्रति किलोमीटर केंद्र सरकार और 36.14 रुपये प्रति किलोमीटर राज्य सरकार वहन करेगी।
ई-बसों में एयर कंडीशनिंग, एआईएस-140 जीपीएस आधारित रियल टाइम ट्रैकिंग, डिजिटल टिकटिंग, मोबाइल ऐप से पास बनाने की सुविधा, पांच सीसीटीवी कैमरे, एआई आधारित पैसेंजर काउंटिंग सिस्टम, पैनिक और स्टॉप बटन, एलईडी यात्री सूचना प्रणाली, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम तथा दिव्यांग यात्रियों के लिए ऑटोमैटिक हाइड्रोलिक व्हीलचेयर लिफ्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

स्वीकृत प्रमुख रूट

स्वीकृत प्रमुख रूटों में सीहोर से रातापानी (68.5 किमी), फंदा से मंडीदीप (65.3 किमी), बिलखिरिया से सीहोर (61.5 किमी), परवलिया सड़क से औबेदुल्लागंज (56.8 किमी), सीहोर से कटारा बायपास तिराहा (53.7 किमी), अटल बिहारी यूनिवर्सिटी से आरआरएफ कैंप बगरोदा (50.6 किमी), सूखी सेवनिया से भोजपुर (49 किमी), औद्योगिक क्षेत्र अचारपुरा से बिलकिसगंज (41.8 किमी), कोच फैक्ट्री से औबेदुल्लागंज (41.3 किमी), फंदा से आईबीडी रॉयल सलैया (40.2 किमी), औद्योगिक क्षेत्र अचारपुरा से बीडीए कॉलोनी (32 किमी) और कोच फैक्ट्री से गोल-जोड़ (28 किमी) शामिल हैं।