बुलंद सोच, पन्ना।
पन्ना जिले के पवई थाना क्षेत्र में एक जमीनी विवाद के चलते एक पुत्र ने अपनी मां की निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने घटना के साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा एक सूखे कुएं में फेंक दिया था।
थाना पवई क्षेत्र के ग्राम कमता निवासी शंकरदयाल पांडे ने 29 जुलाई की दोपहर लगभग 12 बजे पुलिस को सूचना दी कि उनके 26 वर्षीय पुत्र रामदयाल पांडे ने जमीनी विवाद को लेकर अपनी 42 वर्षीय मां शीला पांडे पर डंडे से हमला कर दिया। लगातार किए गए इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों सहित ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार अहिरवार के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने तत्पश्चात कार्रवाई करते हुए आरोपी रामदयाल पांडे को ग्राम कमता से ही हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी रामदयाल पांडे ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पवई पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर सभी आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। गुरुवार, 30 जुलाई को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में उप जेल पवई भेज दिया गया।

