BREAKING NEWS
2026-08-01

10 अगस्त तक ई-केवाईसी न कराने पर घरेलू एलपीजी सिलेंडर कमर्शियल दरों पर मिलेंगे

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

एलपीजी का उपयोग करने वाले परिवारों के लिए यह महत्वपूर्ण जानकारी है कि यदि उन्होंने अपने एलपीजी गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं कराई है, तो इसे तुरंत करवा लें। 10 अगस्त के बाद बिना ई-केवाईसी वाले उपभोक्ताओं को रियायती दर पर मिलने वाला घरेलू सिलेंडर बंद हो जाएगा। ऐसे उपभोक्ताओं को घरेलू सिलेंडर बाजार दर यानी कमर्शियल सिलेंडर की कीमत पर खरीदना पड़ेगा, जिससे 14.2 किलोग्राम का एक सिलेंडर लगभग 2400 रुपये तक का पड़ सकता है।

Advertisement

ग्वालियर शहर में इंडेन, भारत गैस और एचपीसीएल तीनों गैस कंपनियों के कुल मिलाकर लगभग 5.73 लाख एलपीजी उपभोक्ता हैं। इनमें से करीब 85 हजार उपभोक्ताओं ने बार-बार सूचना दिए जाने के बाद भी अब तक ई-केवाईसी नहीं कराई है।

वर्तमान में गैस एजेंसियां इन उपभोक्ताओं को सिलेंडर सशर्त सप्लाई तो कर रही हैं, लेकिन डिलीवरी बॉय ग्राहकों को पर्ची देने के साथ स्पष्ट चेतावनी दे रहे हैं कि वे 10 अगस्त से पहले हर हाल में अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर लें।

गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार, 10 अगस्त की डेडलाइन खत्म होते ही कंपनियों का सॉफ्टवेयर सिस्टम बिना ई-केवाईसी वाले खातों की सब्सिडी और रियायती दरों को अपने आप लॉक कर देगा। इसके बाद बुकिंग करने पर उपभोक्ताओं को कमर्शियल रेट पर ही भुगतान करना पड़ेगा।

ई-केवाईसी कराने के लिए उपभोक्ता अपने पास की संबंधित गैस एजेंसी के कार्यालय में जाकर बायोमेट्रिक (फिंगरप्रिंट) के जरिए तुरंत यह प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं। इसके लिए अपने साथ आधार कार्ड, गैस कनेक्शन की पासबुक और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर ले जाना जरूरी है।

इसके अतिरिक्त, संबंधित गैस कंपनियों (इंडेन, भारत गैस, एचपीसीएल) के आधिकारिक मोबाइल ऐप डाउनलोड करके ‘फेस ऑथेंटिकेशन’ (चेहरे की पहचान) के जरिए भी घर बैठे ई-केवाईसी की जा सकती है।

एजेंसी संचालकों ने उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वे आखिरी तारीख (10 अगस्त) का इंतजार न करें। असुविधा और अतिरिक्त आर्थिक बोझ से बचने के लिए जल्द से जल्द अपनी ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करवाएं।