BREAKING NEWS
2026-08-01

ग्वालियर में जमीन विवाद में दो पक्ष भिड़े, लाठी-डंडे और फायरिंग; थाने में भी मारपीट, क्रॉस एफआईआर दर्ज

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र में जमीन के पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में भिड़ंत हो गई। सुबह के वक्त शुरू हुए इस विवाद में जमकर लाठी-डंडे चले और गोलियां भी दागी गईं।

Advertisement

पुलिस जब दोनों पक्षों को समझाइश के लिए थाने लेकर आई, तो वे थाना परिसर के अंदर ही आपस में भिड़ गए और मारपीट करने लगे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराजपुरा थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पूर्व सैनिकों का प्रदर्शन

यह विवाद रवि गुर्जर और रिटायर्ड फौजी रामहेत सिंह तोमर तथा कप्तान सिंह तोमर के बीच चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही रिटायर्ड फौजी रामहेत के समर्थन में लगभग 50 से अधिक पूर्व सैनिक महाराजपुरा थाने पहुंच गए। थाना परिसर में हंगामा बढ़ता देख पूर्व सैनिकों ने पुलिस प्रशासन की ढीली कार्रवाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर समझाइश दी और मामला शांत कराया।

दर्ज की गई क्रॉस एफआईआर

रवि गुर्जर की शिकायत पर पुलिस ने रामहेत तोमर, कप्तान सिंह तोमर, सत्यम सिंह तोमर, शिवम सिंह तोमर और नवल सिंह तोमर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। कप्तान सिंह तोमर की शिकायत पर पुलिस ने रवि गुर्जर और उसके अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

दोनों पक्षों के आरोप

कप्तान सिंह तोमर के मुताबिक, उनका रवि गुर्जर से जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। उन्होंने बताया कि वह अपने छोटे भाई नवल सिंह और भतीजे रामहेत तोमर के साथ राजीनामा करने रवि उर्फ बल्लू गुर्जर के ओम नगर स्थित घर गए थे। जब उन्होंने बातचीत के लिए रवि को बुलाया, तो उसने मना कर दिया और अपनी लाइसेंसी राइफल निकालकर सीधे गोलियां चलाना शुरू कर दिया। कप्तान सिंह तोमर ने दीवार के पीछे छिपकर जान बचाई, लेकिन उन्होंने उनके भतीजे को दबोच लिया और जमीन पर पटककर बेरहमी से पीटा।

वहीं, ओम नगर निवासी रवि गुर्जर ने कहा कि वह अपने घर पर ही थे। उन्होंने आरोप लगाया कि फौजी रामहेत सिंह तोमर और कप्तान सिंह तोमर जबरन अपने गुर्गों के साथ उनके घर आ धमके। इन लोगों ने घर के बाहर ही उनसे गाली-गलौज और अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकियां दी गईं।

थाना प्रभारी का बयान

इस पूरे मामले में महाराजपुरा थाना प्रभारी यशवंत गोयल ने कहा कि जमीन से जुड़े मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। उन्होंने बताया कि सुबह राजीनामा करने के दौरान कहासुनी हुई और जमकर मारपीट व फायरिंग की घटना हुई। थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस ने दोनों ही पक्षों की शिकायतों पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया है और कार्रवाई की जा रही है।