बुलंद सोच।
भारत की राष्ट्रीय हॉकी टीम की जर्सी का रंग नीले से बदलकर भगवा किए जाने पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को सरकार की आलोचना की।
उन्होंने कहा, “चाहे वे जर्सी का रंग बदलें या शिक्षा नीति के जरिये इतिहास को फिर से लिखने की कोशिश करें, वे चाहे जो भी करें। आपने देखा है कि हमारे देश के युवा क्या सोचते हैं। आपने जंतर-मंतर पर जुटे युवाओं की बात सुनी है। यह देश की आवाज है।”
प्रियंका गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधते हुए कहा कि इस देश की आजादी की लड़ाई की नींव अहिंसा और सत्य पर रखी गई थी और इसमें आरएसएस की कोई भूमिका नहीं थी। उन्होंने आगे कहा कि पूरा देश इस सच्चाई को जानता है, और जिन लोगों को नहीं पता था, उनको आज इनकी नीयत का पता चल रहा है।
कांग्रेस सांसद ने आगे कहा कि महात्मा गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ने आंदोलन का नेतृत्व किया था। उन्होंने बताया कि इस देश की आत्मा अहिंसा, सत्य और भाईचारे पर आधारित है, और इसे न तो आरएसएस और न ही कोई और छीन सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि वे चाहे जितना भी समाज में विभाजन पैदा करें, हिंसा भड़काएं या नफरत फैलाएं, लेकिन देश की आत्मा कायम रहेगी, जो भाईचारे, आपसी प्रेम और एकता से बनी है, और वे इसे खत्म नहीं कर सकते।
प्रियंका गांधी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का जिक्र करते हुए पूछा, “राहुल जी आपके सामने जिस लड़के के पूरे शरीर में पैलेट के निशान दिखा रहे थे, वे पैलेट कहां से आए? क्या वे आसमान से गिर गए थे?”

