BREAKING NEWS
2026-08-04

पूर्व भाजपा विधायक राधेश्याम पाटीदार का विवादित वीडियो वायरल

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, मंदसौर।

मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले की सुवासरा सीट से भाजपा के पूर्व विधायक राधेश्याम पाटीदार का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।

Advertisement

इस वीडियो में पूर्व विधायक पाटीदार अपनी ही सरकार के सिस्टम को चुनौती देते हुए तहसीलदार और पटवारी को अपशब्द कह रहे हैं। उन्होंने स्थानीय मालवी बोली में यह भी कहा कि यदि पटवारी यहां नपती करने आए तो वे उनके पैर काट देंगे।

हालांकि, बाद में पूर्व विधायक राधेश्याम पाटीदार ने स्पष्टीकरण दिया कि वीडियो में काट-छांट की गई है।

पूर्व विधायक राधेश्याम पाटीदार ग्राम गुराड़िया प्रताप में रहते हैं। उनके गांव के पास ग्राम सेमली कांकड़ में सर्वे नंबर पांच और सात की जमीन को लेकर विवाद चल रहा है, जिसका मामला एसडीएम न्यायालय में विचाराधीन है।

इसी बीच, दूसरे पक्ष के परमानंद पाटीदार, कालूराम पाटीदार और बद्रीसिंह परिहार ने पूर्व विधायक राधेश्याम और उनके स्वजन पर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि बंदोबस्त के बाद से त्रुटिपूर्ण नक्शे के कारण विवाद की स्थिति बनी है।

बद्रीसिंह परिहार ने यह भी कहा कि पूर्व विधायक अपनी प्रशासनिक पहुंच और धौंस दिखाते हुए कहते हैं कि कलेक्टर-एसपी भी यहां दौड़ते हुए आएंगे।

वहीं, पूर्व विधायक राधेश्याम पाटीदार ने कहा कि उनका वीडियो काट-छांट कर प्रसारित किया गया है। उन्होंने बताया कि एक किसान 1954 से इसी भूमि पर खेती कर रहा है, लेकिन कुछ लोग शासकीय पट्टाधारी से जमीन खरीदकर उस पर कब्जा करना चाहते हैं।

पूर्व विधायक पाटीदार ने प्रशासन से किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की अपील की है।